भाटपाड़ा अब भी अशांत, बांकुड़ा में भी हिंसा

Updated at : 23 Jun 2019 2:02 AM (IST)
विज्ञापन
भाटपाड़ा अब भी अशांत, बांकुड़ा में भी हिंसा

कोलकाता : राज्य में हिंसा की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. उत्तर 24 परगना जिले का भाटपाड़ा अब भी अशांत है. शनिवार को दो पक्षों में झड़प हो गयी. पथराव-बमबाजी में कई लोग घायल हो गये. हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें एक व्यक्ति का सिर फट गया. उधर, शनिवार […]

विज्ञापन

कोलकाता : राज्य में हिंसा की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. उत्तर 24 परगना जिले का भाटपाड़ा अब भी अशांत है. शनिवार को दो पक्षों में झड़प हो गयी. पथराव-बमबाजी में कई लोग घायल हो गये. हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें एक व्यक्ति का सिर फट गया. उधर, शनिवार को बांकुड़ा जिले का पात्रसायर इलाका भी हिंसा की चपेट में आ गया.

काकड़डांगा में पुलिस और भाजपा समर्थकों में संघर्ष हो गया. हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी. गोली लगने से भाजपा के दो कार्यकर्ता घायल हुए हैं. हालांकि, भाजपा ने तीन लोगों के घायल होने का दावा किया है. पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है.
क्या हुआ भाटपाड़ा में: भाटपाड़ा-कांकीनाड़ा में हिंसा के शिकार दो लोगों के परिजनों से मिलने शनिवार को भाजपा का तीन सदस्यीय संसदीय दल कांकीनाड़ा पहुंचा. प्रतिनिधिदल में पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद एसएस अहलुवालिया, सत्यपाल सिंह और विष्णु दयाल राम शामिल थे.
प्रतिनिधिदल के हिंसा प्रभावित इलाके के दौरे तथा पीड़ित परिवार से मिलकर लौटने के बाद इलाके में फिर बवाल हो गया.
जानकारी के अनुसार, कांकीनाड़ा छह नंबर गली के पास शनिवार को दिन में दो बजे के बाद हिंसा शुरू हो गयी. आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा धमकी दिये जाने और बम तथा रिवाल्वर का भय दिखाये जाने के बाद नाराज भाजपा समर्थकों ने पुलिस से शिकायत की. आरोप है कि पुलिस ने इस पर कोई कदम नहीं उठाया.
इससे भाजपा समर्थकों ने घटना का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया. कुछ भाजपा समर्थकों ने उन असामाजिक तत्वों का भी विरोध किया. जिसके बाद दोनों तरफ से झड़प शुरू हो गयी. हालात से निपटने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया. इस घटना में कुछ लोग घायल हो गये. उधर, बैरकपुर के पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा ने कहा कि पूरी घटना की जांच की जा रही है. इलाके में पुलिस व रैफ की ओर से रूट मार्च किया जा रहा है. गौरतलब है कि गुरुवार को कांकीनाड़ा में फायरिंग और बमबाजी में दो लोगों की मौत हो गयी थी, जबकि छह अन्य जख्मी हो गये.
क्या हुआ बांकुड़ा में: जिले के पात्रसायर थाना अंतर्गत काकड़डांगा इलाके में पुलिस और भाजपा समर्थकों के बीच हुए संघर्ष में पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी. गोली लगने से भाजपा के दो कार्यकर्ता घायल हो गये. हालांकि, बिष्णुपुर जिला भाजपा के महासचिव अमर नाथ शाखा ने कहा कि फायरिंग में भाजपा के तीन कार्यकर्ता घायल हुए हैं. घटना में एक छात्र के घायल होने की बात कही जा रही है. उन्हें बांकुड़ा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इलाके में भारी तनाव है. मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है. वरीय पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं.
पुलिस के अनुसार, शनिवार को तृणमूल कांग्रेस ने जनसंयोग पदयात्रा निकाली थी. इसका नेतृत्व राज्य सरकार के मंत्री तथा तृणमूल के जिला पर्यवेक्षक शुभेंदू अधिकारी कर रहे थे. पदयात्रा शांतिपूर्ण संपन्न हो गयी. इसके बाद ही कुछ भाजपा समर्थकों ने मंत्री को इंगित कर ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाने शुरू कर दिये.
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने भाजपा समर्थकों को शांत कराने की कोशिश की. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं तथा पुलिस के बीच झड़प शुरू हो गयी. पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ना शुरू कर दिया. इसके खिलाफ भाजपा समर्थकों ने मोर्चाबंदी कर ली. उन्होंने पुलिस पर भारी पथराव शुरू कर दिया. लाठीचार्ज के बाद भी जब स्थिति नियंत्रण में नहीं आयी तो पुलिस ने कथित तौर पर फायरिंग की. फायरिंग में भाजपा के दो कर्मी घायल हो गये. घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं.
घटना को लेकर इलाके में भारी तनाव है. भाजपा के जिलासचिव शाखा ने कहा कि पूरे राज्य में पुलिस बेलगाम हो गयी है तथा तृणमूल कर्मी होकर कार्य कर रही है. भाटपाड़ा के बाद पार्टी कर्मियों पर फिर पुलिस फायरिंग की गयी. हालांकि इसकी कोई जरूरत नहीं थी. उन्होंने कहा कि जय श्रीराम का नारा लगाना कहीं से भी गैरकानूनी नहीं है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola