चक्रवात तितली का बंगाल में असर नहीं, हो सकती है बारिश

Updated at : 12 Oct 2018 3:29 AM (IST)
विज्ञापन
चक्रवात तितली का बंगाल में असर नहीं, हो सकती है बारिश

कोलकाता : बेहद प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘तितली’ के दस्तक देने के बाद पश्चिम बंगाल में ज्यादा असर नहीं पड़ा है. लेकिन राज्य के दक्षिणी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. अधिकारियों ने बताया कि यह तूफान अब पश्चिम बंगाल के गंगा से लगे हिस्सों की तरफ मुड़ सकता है. मौसम वैज्ञानिकों […]

विज्ञापन
कोलकाता : बेहद प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘तितली’ के दस्तक देने के बाद पश्चिम बंगाल में ज्यादा असर नहीं पड़ा है. लेकिन राज्य के दक्षिणी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. अधिकारियों ने बताया कि यह तूफान अब पश्चिम बंगाल के गंगा से लगे हिस्सों की तरफ मुड़ सकता है.
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि यह तूफान गुरुवार शाम तक उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ गया और फिर इसके वहां से इसकी दिशा कुछ बदलकर गंगा से लगे पश्चिम बंगाल के हिस्से की तरफ बढ़ने तथा फिर शुक्रवार सुबह तक धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है. रेलवे पटरियों और बिजली की तारों को कोई बड़ा नुकसान ना पहुंचने के कारण दक्षिण पूर्वी रेलवे ने कहा कि वह सामान्य मार्ग पर दक्षिण भारत में अलग-अलग स्थानों पर अपनी सेवाओं का संचालन करेगा.
एसइआर के प्रवक्ता संजय घोष ने कहा कि पूर्वी तटीय रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार तटीय सेक्शन में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है. अत: खड़गपुर-खुर्दा रोड-विजयनगरम से होते हुए सामान्य मार्ग पर ट्रेनें चलेंगी. बहरहाल, कुछ ट्रेनों जैसे कि हावड़ा-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस, हावड़ा-यशवंतपुर एक्सप्रेस, अगरतला-बेंगलुरु कैंट हमसफर एक्सप्रेस का मार्ग बदल दिया गया है.
पश्चिम बंगाल में ‘तितली’ के कारण अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान या सड़क व रेल यातायात बाधित होने की खबर नहीं है. मौसम विभाग ने शनिवार सुबह तक पश्चिम बंगाल के गंगा से सटे हिस्सों के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने तथा उसके अगले दिन भारी बारिश की चेतावनी दी है.
विभाग ने मछुआरों को 12 अक्टूबर तक समुद्र में ना उतरने की सलाह दी है. बंगाल की खाड़ी में दीघा, मंदारमनी, शंकरपुर और अन्य स्थानों के पर्यटक स्थलों पर पर्यटकों को 12 अक्तूबर तक समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गयी है.
तितली का कहर देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे की कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. दक्षिण रेलवे द्वारा मिली जानकारी के अनुसार 06057 सांतरागाछी-चेन्नई स्पेशल ट्रेन को 11 अक्तूबर को रद्द किया गया, जबकि 12841 हावड़ा-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस और 12863 हावड़ा-यशवंतपुर एक्सप्रेस 12 अक्तूबर को रद्द रहेगी.
11 अक्तूबर को रात 11.45 बजे हावड़ा स्टेशन से रवाना होनेवाली 12839 हावड़ा-चेन्नई मेल के समय में परिवर्तन किया गया. यह ट्रेन अब 12 अक्तूबर को सुबह आठ बजे हावड़ा स्टेशन से रवाना होगी. ओड़िशा और दक्षिण भारत के राज्यों में फंसे यात्रियों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे ने 02773 स्पेशल ट्रेन हावड़ा से सिकंदराबाद के मध्य चलाने की घोषणा की है. स्पेशल ट्रेन हावड़ा स्टेशन से दोपहर 2.50 बजे रवाना होगी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola