मतपेटियों में उम्मीदवारों की किस्मत कैद
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 15 May 2018 4:11 AM
विज्ञापन
दुर्गापुर : हफ्ते भर की अनिश्चितता के बाद आखिरकार पंचायत चुनाव सोमवार की सुबह सात बजे महकमा के विभिन्न ब्लॉकों में हिंसा, बूथ कैप्चरिंग के साथ शुरू हुआ. सुबह 6 बजे से मतदाने केन्द्रों में लंबी लाइन देखी गई जिसमें ज्यादातर महिलाएं थीं. उल्लेखनीय है कि चुनाव में बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया जा रहा […]
विज्ञापन
दुर्गापुर : हफ्ते भर की अनिश्चितता के बाद आखिरकार पंचायत चुनाव सोमवार की सुबह सात बजे महकमा के विभिन्न ब्लॉकों में हिंसा, बूथ कैप्चरिंग के साथ शुरू हुआ. सुबह 6 बजे से मतदाने केन्द्रों में लंबी लाइन देखी गई जिसमें ज्यादातर महिलाएं थीं. उल्लेखनीय है कि चुनाव में बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया जा रहा है.
उम्मीदवारों की किस्मत सोमवार को मतपेटियों में बंद हो गयी. 17 मई को मतगणना के साथ ही उनकी किस्मत का फैसला होगा. कांकसा ब्लॉक के पलानगंज इलाके में चुनाव के दौरान तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच मारपीट के घटना में तृणमूल कांग्रेस की लक्खी महतो, सोनाली बाध्यकर सहित नौ तृणमूल समर्थक घायल हो गये. घायलावस्था में इन्हें दुर्गापुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोप है कि ये सभी पलानगंज में एक बूथ पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे. कतार में खड़े मतदाताओं, भाजपा समर्थकों ने इसका विरोध किया तो मारपीट शुरू हो गयी. खबर पाकर घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुये बूथ में दुबारा मतदान प्रक्रिया चालू कराई. भाजपा नेता लखन घोराई ने बताया कि तृणमूलियों ने विभिन्न ब्लॉक में विरोधी दल के पोलिंग एजेंटों को बूथों में बैठने से रोक दिया. लेकिन जिन बूथों पर विरोधी दल मजबूत था, वहां पोलिंग एजेंट बैठे. मतदाताओं ने भी अपने मतों का प्रयोग किया. भाजपा समर्थकों ने मारपीट नहीं की बल्कि स्थानीय लोगों के बूथ कब्जा करने आये तृणमूलियों को रोका. दूसरी ओर, तृणमूल नेता उत्तम मुखर्जी ने कहा कि बूथ में गड़बड़ी की आशंका के मद्देनजर तृणमूल ने विरोध किया. इसके बाद भाजपाइयों ने हमला कर दिया. इसमें नौ तृणमूल समर्थक घायल हो गये. कांकसा थाना में भाजपा समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है.
ज्ञापन देकर शांतिपूर्ण मतदान कराने की मांग:दुर्गापुर. चार ब्लॉक कांकसा, पांडेश्वर, दुर्गापुर-फरीदपुर व अंडाल की विभिन्न ग्राम पंचायत के बूथों पर तृणमूल कर्मियों ने माकपा के पोलिंग एजेंटों को बूथों में प्रवेश करने से रोक दिया. माकपा प्रार्थी, कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया. घटना को लेकर माकपा ने दुर्गापुर महकमा शासक शंख सतारा को ज्ञापन देकर शांतिपूर्ण मतदान कराने की मांग की. माकपा नेता पंकज राय सरकार ने कहा कि रविवार की रात को ही विभिन्न ग्राम पंचायत इलाकों में घूम-घूम कर तृणमूल की बाइकवाहिनी ने माकपा पोलिंग एजेंटों को बूथों में न बैठने की धमकी दे डाली थी. जिन्होंने साहस पूर्वक बूथों में बैठने की कोशिश की थी, उन्हें बूथों से भगा दिया गया. चुनाव पर्यवेक्षक, पुलिस प्रशासन से मदद मांगी गयी लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. तृणमूल मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित कर रही है.
मतदाताओं ने किया मत का अधिकार: दुर्गापुर. तृणमूल के पांडेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने कहा कि मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया. किसी भी विरोधी दल के पोलिंग एजेंट, नेता, कर्मी पर दबाव नहीं बनाया गया. मुख्यमंत्री के विकास कार्य से लोग खुश है. माकपा का अस्तित्व मिट गया है, भाजपा का जनाधार नहीं है. किसी प्रकार को कोई गड़बड़ी नहीं हुई है. माकपा, भाजपा ने मिलकर चुनाव में गड़बड़ी की साजिश की. जीत मां-माटी- मानुष सरकार की होगी. दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक तृणमूल अध्यक्ष सुजीत मुखर्जी, अंडाल ब्लॉक के तृणमूल अध्यक्ष आलोक मंडल ने कहा कि किसी भी प्रकार की कोई भी घटना नहीं हुई है. लोगों ने बढ़-चढ़ कर वोटिंग की. विरोधी पार्टियों का अस्तित्व नहीं होने के कारण उनके पोलिंग एजेंट नहीं बैठे. तृणमूल पर उन्हें रोकने का झूठा आरोप लगाया जा रहा है. कांकसा के तृणमूल कांग्रेस नेता देवदास बक्सी ने कहा कि माकपा, भाजपा ने एकसाथ मिलकर तृणमूल कर्मी के ऊपर हमला किया, इसमें कई लोग घायल हुये लेकिन लोगों ने उत्साह पूर्वक अपने मत का अधिकार किया. जीत तृणमूल कांग्रेस की ही होगी. दुर्गापुर महकमा शासक शंख सतारा ने कहा कि छिटपुट घटनाओं के बाद भी प्रत्येक बूथ पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ.
बूथ दखल को आये सशस्त्र गुंडों की पिटाई
पानागढ़. कांकसा ब्लॉक में कांकसा ग्राम पंचायत के तहत पानागढ़ बाज़ार हिंदी हाईस्कूल के 69, 72, 73, 74 नंबर बूथ पर कब्जा कर फर्जी वोट डालने आये तृणमूल के गुंडों की मतदाताओं तथा स्थानीय निवासियों ने जमकर पिटाई कर दी. हथियार बंद गुंडों को अधमरा कर जीटी रोड पर फेंक दिया. घायलों में श्रीधर मंडल, समीर हलदार तथा राकेश कुमार सिंह शामिल हैं. बदमाशों के वाहन में भी तोड़फोड़ की गयी. खबर सुन कांकसा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. गुस्साये स्थानीय निवासियों ने पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ की. घटना को लेकर बढ़ी उत्तेजना के बाद घटनास्थल पर आसनसोल-दुर्गापुर कमिश्नरेट डीसी (पूर्व ) अभिषेक मोदी, कांकसा एसीपी कमल वैराग्य, कांकसा आइसी संदीप चटराज, रैफ और कम्बोर्ट फोर्स लेकर घटनास्थल पर पहुंचे दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. घायलों को दुर्गापुर महकमा अस्पताल में भर्ती किया गया है. दो की अवस्था चिंताजनक बतायी जा रही है. राकेश कुमार सिंह के आइडी कार्ड के अनुसार वह डीएसपी में ठेका कर्मी. हाथ में कट्टा लेकर उसे लहराते हुये उसने हिंदी हाईस्कूल परिसर में प्रवेश किया था.
पानागढ़ रेलपार के सभी बूथों पर गुंडों ने किया कब्जा: पानागढ़. पानागढ़ रेलपार के 75,76,77,78 नंबर बूथों में तृणमूल समर्थित बाहरी गुंडों ने कब्जा कर फर्जी वोट डाले. स्थानीय तृणमूल के पंचायत सदस्य रामजी मंडल ने आरोप लगाया कि बाहरी गुंडों ने इन बूथों पर कब्जा कर लिया तथा वोगस वोट डाले. रामजी ने बताया कि गुंडों ने उन्हें भी वोट नहीं देने दिया. उल्लेखनीय है कि रामजी मंडल इस बार टिकट नहीं मिलने पर पार्टी से नाराज चल रहे हैं. मतदाताओं का आरोप है कि उन लोगों को स्वयं का वोट तक नहीं देने दिया गया. प्रतिवाद करने पर माकपा समर्थक किशोरी राम पर बदमाशों ने हमला कर दिया. गंभीर अवस्था में किशोरी राम को स्थानीय एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है. स्थानीय मतदाताओं तथा तृणमूल के स्थानीय नेताओं ने पुलिस ऑफिसर अभिषेक मोदी से घटना की शिकायत कर पुन: मतदान की मांग की है.
तीर के प्रहार से तृणमूल समर्थक घायल: पानागढ़. कांकसा के अमलाजोड़ा ग्राम पंचायत के तहत बिहारपुर स्थित बूथ में तृणमूल समर्थक विवेकानंद मंडल पर तीर से प्रहार कर उन्हें घायल कर दिया. गंभीर अवस्था में उन्हें स्थानीय एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है. तृणमूल नेताओं का अभियोग है कि माकपा समर्थकों ने उन पर तीर से हमला किया है. पानागढ़ के मित्र संघ मैदान स्थित स्कूल, कांकसा पियारीगंज आदि ग्राम पंचायतों के बूथों पर कब्जा कर फर्जी वोट डाला गया. माकपा नेता वीरेश्वर मंडल ने बताया कि समूचे ब्लॉक के बूथों पर कब्जा कर लिया गया. मतदाताओं को उनके अधिकार से वंचित रखा गया. यह किस तरह का चुनाव है, जनता देख रही है.
बुजुर्ग महिला समेत युवती ने प्रथम मतदान किया
पानागढ़. त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर कांकसा ब्लॉक के अन्य बूथों में मतदाताओं में उत्साह नहीं के बराबर देखा गया. हिंसा के बीच 71 वर्षीय रामकली ठाकुर ने अपना मतदान सुरक्षा पूर्वक किया. रामकली ठाकुर ने बताया कि विगत 35 वर्षों से वह माकपा समर्थक है. इस बार सत्तारूढ दल के लोगों ने वोट देने में बाधा पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपना मतदान किया. युवा मतदाता रीमा अग्रहरि ने पहली बार मतदान किया. मतदान के बाद बूथ से बाहर निकलने पर रीमा ने मीडिया कर्मियों को बताया कि उसे बहुत अच्छा लगा कि उसने अपना मतदान किया.
बूथों पर कब्जा कर डाले फर्जी वोट, बमबाजी और फायरिंग करने निकले
अंडाल. अंडाल प्रखंड के रामप्रसादपुर के 222 से 226 और दमोदर कॉलोनी प्राइमरी स्कूल की बूथ संख्या 246, 247 और 251, 252 पर तृणमूल समर्थकों ने कब्जा कर लिया और फर्जी वोट डाले. कजोड़ा, लक्षीपुर के बूथ नंबर 110 से 113 में भी फर्जी वोट डाले गये. भाजपा के संजय वर्मा, विजय गुप्त ने बताया कि दामोदर कॉलोनी प्राइमरी स्कूल के दो बूथों पर तृणमूलियों ने प्रवेश कर भाजपा पोलिंग एजेंटों को बाहर कर दिया. इसके बाद वोगस वोट डाले. यही हाल रामप्रसाद गांव के दो बूथों पर भी हुआ. बूथ लूटने के बाद वे सड़क पर बामबाजी, फायरिंग करते हुए निकल गये.
सुबह नौ बजे तक 12.85 फीसदी वोट
दुर्गापुर. दुर्गापुर महकमा के कांकसा, दुर्गापुर फरीदपूर, अंडाल और पांडेश्वर ब्लॉक के विभिन्न ग्राम पंचायत अंचलों में छिटपुट घटनाओं के बीच सुबह नौ बजे तक 12.85 फीसदी मतदाताओं ने मत का प्रयोग किया था. बारह बजे तक यह बढ़कर 40 फीसदी हो गया. अंडाल, पांडेश्वर, दुर्गापुर-फरीदपूर ब्लॉक की विभिन्न ग्राम पंचायतों के बूथों में विरोधी दल के पोलिंग एजेंटों को बैठने नहीं दिया गया. कांकसा के 57 और 58 नंबर पोलिंग बूथ में तृणमूल कांग्रेस के बाहरी गुंडों ने मुंह में गमछा बांधे हुये प्रवेश किया. बाहर खड़े मतदाताओं को हाथियारों की नोंक से भगा दिया. बूथों को कब्जे में लेकर बाहरी गुंडों ने फर्जी वोटिंग की.
वीरभूम: कई बूथों पर कब्जा, भाजपा व तृणमूल समर्थको में: पानागढ़. वीरभूम जिले के मोहम्मद बाजार ब्लॉक के आंगडगुड़िया पंचायत के टूलीग्राम में भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार का मामला प्रकाश में आया है. महिलाओं ने जब घटना का प्रतिवाद किया तो पुलिस के सामने ही तृणमूल समर्थकों ने उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी. बताया जाता है कि बैलेट बॉक्स तथा बैलेट पेपर को फेंक दिया गया. सिउड़ी झिककट्टा पंचायत की 11 नंबर सीट के 61 नंबर बूथ के पहाड़काटा प्राथमिक विद्यालय में मतदान को लेकर तृणमूल, भाजपा समर्थकों के बीच मतदान के दौरान संघर्ष की घटना हुयी. तृणमूल के पूर्व कर्माध्यक्ष रवीन सरकार की पिटाई कर दी गयी. अभियोग के प्रकाश में आने के बाद उत्तेजना व्याप्त हो गयी. घटना को लेकर डेपुटी मजिस्ट्रेट सुदीप सतारा ने मतदान बंद कर दिया तथा फिर से मतदान की बात बताई है. मयूरेश्वर एक ब्लॉक के प्रचंडपुर बूथ में प्रीसाइडिंग ऑफिसर के समक्ष छप्पा वोट मारे जाने का अभियोग विरोधी दल के नेताओं ने लगाया है.
धूपचुड़िया में तृणमूल प्रार्थी पर हमला: अंडाल. अंडाल ब्लॉक के धूपचुड़िया गांव स्थित बूथ पर तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट में तृणमूल प्रार्थी मनोज दत्ता समेत तीन लोग घायल हो गये. दुर्गापुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोप है कि ये लोग बूथ कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे, भाजपा समर्थकों ने विरोध किया तो मारपीट शुरू हो गयी. तृणमूल ने भाजपा के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. भाजपा नेता घनश्याम राम ने बताया कि तृणमूल प्रार्थी बहाना बना कर अस्पताल में भर्ती हो गया है. भाजपा ने कोई हमला नहीं किया. तृणमूल नेता आलोक मंडल ने कहा कि भाजपा समर्थकों के हमले से तृणमूल प्रार्थी के कंधे की हड्डी टूट गयी है.
जिलासभाधिपति पर लगाया गया आरोप: रानीगंज. रोटीबाटी ग्राम पंचायत अंतर्गत निर्दल उम्मीदवार के रूप में खड़े उम्मीदवारों के समर्थन का आरोप बर्दवान पश्चिम जिला समाधिपति विश्वनाथ बाउरी पर आसनसोल साउथ ग्रामीण ब्लॉक टीएमसी अध्यक्ष बाबू राय ने लगाया है. उन्होंने कहा कि जानकारी टीएमसी के उच्च स्तरीय नेताओं को दी गई है. दूसरी ओर आरोप का खंडन करते हुये बर्दवान जिला सभाधिपति विश्वनाथ बावरी ने कहा कि इन सीटों से टीएमसी उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, निर्दल उम्मीदवारों के समर्थन का कोई प्रश्न ही नहीं उठ रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










