बलिया की मतदाता सूची में झलक रहा सनी लियोनी का फोटो!

बलिया : अभिनेत्री सनी लियोनी भले ही मुंबई में रहती हों, लेकिन उनकी मौजूदगी उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की मतदाता सूची में दर्ज हो गयी है. यही नहीं हाथी, हिरन और कबूतर की तस्वीरें भी इस फेहरिस्त में शामिल हैं. जिला प्रशासन ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बनायी जा रही मतदाता सूची में […]
बलिया : अभिनेत्री सनी लियोनी भले ही मुंबई में रहती हों, लेकिन उनकी मौजूदगी उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की मतदाता सूची में दर्ज हो गयी है. यही नहीं हाथी, हिरन और कबूतर की तस्वीरें भी इस फेहरिस्त में शामिल हैं. जिला प्रशासन ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बनायी जा रही मतदाता सूची में हुई इस गंभीर गड़बड़ी के खुलासे के बाद एक संविदाकर्मी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराते हुए उसकी सेवा समाप्ति की सिफारिश की है.
इसे भी पढ़ें : सनी लियोनी की बायोपिक ‘करनजीत कौर- द अनटोल्ड स्टोरी…’ का ट्रेलर रिलीज
अपर जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंघल ने शनिवार को बताया कि डाटा ऑपरेटर विष्णु वर्मा ने अपने स्थानांतरण से नाराज होकर बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में सात नामों में गड़बड़ी करते हुए मतदाता के फोटो के स्थान पर सनी लियोनी, हाथी, मोर और कबूतर के फोटो लगा दिये हैं. उन्होंने बताया कि आरोपी ऑपरेटर ने 361 बलिया नगर सामान्य विधानसभा क्षेत्र के मतदाता पुनरीक्षण सूची 2018 के परिशिष्ट संख्या 2 के क्रमांक 906 यूबीक्यू 2878866 में दुर्गावती सिंह के नाम के सामने सनी लियोनी का फोटो लगा दिया है.
इसी तरह प्रदेश की पूर्ववर्ती अखिलेश यादव सरकार में मंत्री रहे नारद राय के क्रमांक 1174 यूबीक्यू 2299832 पर उनकी फोटो के स्थान पर हाथी की तस्वीर लगा दी है. इसके अलावा, कुंवर अंकुर सिंह के नाम के आगे हिरन और कुंवर गौरव के नाम के आगे कबूतर का फोटो अपलोड कर दिया है. सिंघल ने बताया कि ऑपरेटर आउटसोर्सिंग के जरिये नियुक्त है.
जिला प्रशासन ने संबंधित संस्था को पत्र लिखकर वर्मा को बर्खास्त करने की संस्तुति की है. मतदाता सूची की इस गड़बड़ी की जानकारी चुनाव आयोग को दे दी गयी है और फेहरिस्त में हुई गलती को दुरुस्त कर लिया गया है. पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली ने बताया कि बलिया के तहसीलदार/सहायक निर्वाचन अधिकारी राम नारायण वर्मा की शिकायत पर वर्मा के विरुद्ध बलिया कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




