अभिषेक बनर्जी का गढ़ ध्वस्त, डायमंड हार्बर नगर पालिका बोर्ड भंग, 9 टीएमसी पार्षदों ने दिया इस्तीफा

Diamond Harbour Municipality Board Dissolved Tmc West Bengal Mamata Banerjee Abhishek Banerjee Wb Politics
Diamond Harbour Municipality Board Dissolved: तृणमूल कांग्रेस को बंगाल में एक और बड़ा झटका लगा है. अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र डायमंड हार्बर नगर पालिका बोर्ड को भंग कर दिया गया है. 9 टीएमसी पार्षदों ने भ्रष्टाचार और पुलिस उत्पीड़न का आरोप लगाकर इस्तीफा दिया. SDO ने संभाला कार्यभार.
खास बातें
Diamond Harbour Municipality Board Dissolved: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त झेलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पैर उखड़ते जा रहे हैं. पार्टी के लिए अब तक का सबसे बड़ा और आत्मघाती झटका तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र डायमंड हार्बर से आया है.
टीएमसी के हाथ से निकली एक और नगर पालिका
सोमवार को डायमंड हार्बर नगर पालिका (Diamond Harbour Municipality) का बोर्ड पूरी तरह से भंग कर दिया गया. यह प्रशासनिक और राजनीतिक फैसला टीएमसी के 9 पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे के बाद लिया गया है. इसके बाद इस नगर निकाय की सत्ता टीएमसी के हाथ से निकलकर सरकारी नियंत्रण में चली गयी है.
अभिषेक के ‘मॉडल’ पर अपनों का ही प्रहार
डायमंड हार्बर को अभिषेक बनर्जी का अभेद्य किला माना जाता था. वे अक्सर अपने ‘डायमंड हार्बर मॉडल’ का ढिंढ़ोरा पीटते थे. लेकिन इस बार अपनों ने ही इस मॉडल की धज्जियां उड़ा दी हैं.
इसे भी पढ़ें : शुभेंदु अधिकारी के खुलासे से मची खलबली, ममता बनर्जी ने 2 TMC विधायक को पार्टी से निकाला
31 मई को नौवें पार्षद ने दिया इस्तीफा
कुल 16 वार्डों वाली इस नगर पालिका में बगावत की शुरुआत 25 मई को ही हो गयी थी. उस दिन 8 पार्षदों ने एक साथ इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद बचे-खुचे बोर्ड को बचाने की कोशिशें नाकाम रहीं और रविवार (31 मई) को नौवें पार्षद ने भी इस्तीफा दे दिया. दो-तिहाई बहुमत से ज्यादा पार्षदों के पद छोड़ते ही राज्य के शहरी विकास और नगर मामलों के विभाग ने बोर्ड को भंग करने का आदेश जारी कर दिया. डायमंड हार्बर के सब-डिवीजनल ऑफिसर (SDO) अयान दत्तागुप्ता ने बतौर प्रशासक नगर पालिका की कमान संभाल ली है.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
क्यों बागी हुए टीएमसी के पार्षद? लगाये बेहद गंभीर आरोप
आमतौर पर चुनावों के बाद दलबदल राजनीतिक महत्वाकांक्षा के लिए होता है, लेकिन डायमंड हार्बर के पार्षदों ने जो कारण बताये हैं, वे टीएमसी के शीर्ष नेतृत्व को कटघरे में खड़ा करते हैं. पार्षदों का आरोप है कि बोर्ड के भीतर बड़े पैमाने पर पैसों का हेरफेर और वित्तीय भ्रष्टाचार हो रहा था, जिसकी शिकायत करने के बावजूद कोलकाता में बैठे बड़े नेताओं ने कोई सुध नहीं ली.
पुलिस का अत्यधिक नियंत्रण
वार्ड 7 के तमाल हालदार जैसे बागी विधायकों ने खुल्लमखुल्ला आरोप लगाया है कि नगर पालिका को चेयरमैन नहीं, बल्कि पुलिस चला रही थी. वरिष्ठ नेताओं के इशारे पर पुलिस प्रशासन का इस्तेमाल जन-प्रतिनिधियों को दबाने के लिए किया जा रहा था. पार्षदों ने लिखित रूप में शिकायत की है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने पर उन्हें पुलिस द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दी जा रही थीं.
इसे भी पढ़ें : अभिषेक बनर्जी पर हमले के विरोध में आसनसोल में टीएमसी का हल्लाबोल, कहा- दोषी नहीं पकड़े गये तो जल उठेगा बंगाल
बर्धमान और बैरकपुर के बाद अब डायमंड हार्बर भी साफ
पश्चिम बंगाल के राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि टीएमसी के भीतर यह बिखराव केवल डायमंड हार्बर तक सीमित नहीं है. यह एक ‘चेन रियैक्शन’ है.
- उत्तर और दक्षिण 24 परगना जिलों की कम से कम 7 नगर पालिकाओं से अब तक 100 से अधिक टीएमसी पार्षद इस्तीफा दे चुके हैं.
- उत्तर बैरकपुर नगर पालिका में भी 20 में से 15 पार्षदों ने चेयरमैन सहित इस्तीफा दे दिया है.
- ममता बनर्जी ने पिछले दिनों पार्षदों के साथ बैठक कर उनसे पद न छोड़ने की भावुक अपील की थी. उन्होंने यहां तक कहा था कि ‘जो जाना चाहता है, मैं उसे रोकूंगी नहीं’. पार्षदों ने दीदी की इसे हरी झंडी मान लिया और ताबड़तोड़ इस्तीफे दे दिये.
Diamond Harbour Municipality Board Dissolved: चेयरमैन प्रणब दास भी असहाय
डायमंड हार्बर नगर पालिका के चेयरमैन प्रणब दास ने माना कि वे इस स्थिति को रोकने में असमर्थ रहे. उन्होंने सभी इस्तीफे राज्य सरकार को अग्रसारित कर दिये थे. जब उनसे पूछा गया कि क्या वे भी पाला बदलने वाले हैं, तो उन्होंने कहा- फिलहाल तो मैं तृणमूल में हूं.
इसे भी पढ़ें
बंगाल में लक्ष्मीर भंडार घोटाले की होगी SIT जांच, 30 लाख फर्जी खाते खंगालेंगे अधिकारी
अभिषेक बनर्जी पर हमले से दिल्ली तक हड़कंप, खरगे बोले- यह बड़ी साजिश, अखिलेश ने भाजपा को घेरा
अभिषेक-कल्याण पर हमले और ‘बुलडोजर राज’ के खिलाफ 2 जून को कोलकाता की सड़कों पर ममता बनर्जी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










