Rourkela News: संपर्क सुविधा, पेयजल व्यवस्था व नवीकरणीय ऊर्जा से लोगों का जीवन हुआ बेहतर
Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 27 May 2026 11:44 PM
Rourkela News: आरएसपी सीएसआर पहल से ग्रामीण इलाकों में आधारभूत संरचना को मजबूत कर लोगों के जीवन में बदलाव ला रहा है.
Rourkela News: राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) अपने निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत समावेशी विकास एवं सामुदायिक उन्नयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराते हुए प्रभावी आधारभूत संरचना विकास पहलों के माध्यम से आसपास के गांवों के सामाजिक एवं आर्थिक परिदृश्य में निरंतर सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है. संपर्क सुविधा, पेयजल व्यवस्था, नवीकरणीय ऊर्जा की उपलब्धता तथा सामुदायिक आधारभूत संरचना को बेहतर बनाने पर केंद्रित ये पहलें बिसरा, नुआगांव, लाठीकटा, कुआरमुंडा एवं राजगांगपुर प्रखंडों के सैकड़ों परिवारों को लाभान्वित कर रही हैं.
बिसरा और लाठीकटा प्रखंड में बन रहे सामुदायिक केंद्र
ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने तथा सामाजिक गतिविधियों के लिए साझा मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिसरा प्रखंड के संतोषपुर एवं कदमटोला में सामुदायिक केंद्रों का निर्माण किया गया है, जबकि लाठीकटा प्रखंड के बिरवाल में एक अन्य सामुदायिक केंद्र का निर्माण कार्य प्रगति पर है. इन केंद्रों से सामाजिक संवाद, जागरुकता कार्यक्रमों एवं सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा. सतत विकास एवं हरित ऊर्जा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आरएसपी द्वारा बिसरा, नुआगांव, लाठीकटा एवं कुआरमुंडा प्रखंड के राजस्व गांवों में 151 सौर सोलर लाइटें स्थापित की गयी हैं. हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों को विशेष प्राथमिकता दी गयी है, ताकि रात्रि के समय ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके तथा जोखिमों को कम किया जा सके. इस सौर प्रकाश व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों में दृश्यता, आवागमन एवं सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. साथ ही, इससे स्थानीय समुदायों के जीवन स्तर में सुधार तथा पर्यावरण-अनुकूल आधारभूत संरचना को बढ़ावा मिला है.
छह सौर ऊर्जा आधारित फिल्टर्ड पेयजल प्रणालियां सफलतापूर्वक स्थापित
सुरक्षित पेयजल की महत्वपूर्ण आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए, जलडा पुनर्वास कॉलोनियों के ए, बी एवं सी ब्लॉकों में छह सौर ऊर्जा आधारित फिल्टर्ड पेयजल प्रणालियां सफलतापूर्वक स्थापित की गयी हैं, जिससे स्थानीय समुदाय को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है. ग्रामीण संपर्क एवं आधारभूत संरचना को और सुदृढ़ करते हुए आरएसपी द्वारा लिन्ड्रा, दलपोश एवं झिरपानी पुनर्वास कॉलोनी में लगभग 1,570 मीटर लंबी बिटुमिनस सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है. इस बेहतर सड़क के नेटवर्क से आवागमन सुगम होने, आवश्यक सेवाओं तक बेहतर पहुंच तथा स्थानीय निवासियों के लिए संपर्क सुविधा में वृद्धि होने की उम्मीद है. इन पहलों के माध्यम से सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र आसपास के गांवों के जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










