Rourkela News: सेक्टर और उदितनगर में पेड़ गिरने से सड़क हुई अवरुद्ध, मुख्य मार्ग में दुकान का होर्डिंग टूटा
Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 27 May 2026 11:48 PM
Rourkela News: काल बैसाखी के प्रभाव में आंधी-पानी ने स्मार्ट सिटी राउरकेला में जमकर तबाही मचायी. इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा.
Rourkela News: काल बैसाखी के प्रभाव में तेज आंधी-पानी और बारिश ने बुधवार मध्याह्न एक बार फिर शहर में जमकर तबाही मचायी. तेज हवा के कारण दर्जनों स्थानों पर पेड़ उखड़ गये और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की होर्डिंग टूट कर गिर गयी. गनीमत रही कि इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
पूरे दिन बदलता रहा मौसम का मिजाज
बुधवार को मौसम का मिजाज कभी नरम, तो कभी गरम बना रहा. सुबह के समय बादल छाने के साथ ठंडी हवा भी चली. लेकिन बीच-बीच में धूप निकलने से उमस भरी गर्मी का भी अहसास हो रहा था. दाेपहर तीन बजे के बाद मौसम ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू किया. इस दौरान जोरों की बिजली कड़कने के साथ तेज हवा चलने लगी. इसके कुछ देर बार रिमझिम बारिश होने के बाद तेज हवा के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया. इस तेज हवा व बारिश में घर से बाहर निकले लोग बस स्टॉप से लेकर दुकानों के शेड के नीचे शरण लेते नजर आये.
पेड़ गिरने से मार्ग हुआ अवरुद्ध, चालकों को हुई परेशानी
इस आंधी-पानी के दौरान सेक्टर-13 प्रतिमा मिलन मैदान के पास घर के अंदर स्थित एक पेड़ सड़क पर गिर पड़ा. जिससे सड़क अवरुद्ध हो गयी तथा तथा वाहन चालकों को प्रतिमा मिलन मैदान से होकर आना-जाना करना पड़ा. वहीं मुख्य मार्ग पर स्थित वी-2 शोरूम का होर्डिंग भी टूटकर गिर पड़ा. इसके अलावा उदितनगर पुराना कोर्ट, उदितनगर में न्यायाधीश आवास के पास, एडीएम कार्यालय के पास, उदितनगर पोस्ट ऑफिस के पास तथा शहर के अलग-अलग स्थानों पर पेड़ से लेकर डालियां टूटकर गिरने से लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा.
लाठीकटा : झमाझम बारिश ने गर्मी से दिलायी राहत
लाठीकटा व आसपास के अंचलों में बुधवार दोपहर 3:00 बजे के करीब काल वैसाखी ने तांडव मचाया. हालांकि, इससे तापमान में अचानक गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिल गयी. बुधवार को दिनभर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से आस-पास बना हुआ था. गर्मी और उमस से लोगों का हाल बेहाल था, लेकिन दोपहर 3:00 बजे के आसपास अचानक से बादल गरजने लगे और बिजली कड़कने लगी. इसके साथ ही तेज हवा और बारिश शुरू हो गयी, जिससे तापमान में अचानक गिरावट आयी. इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई. इससे गर्मी से बेहाल लोगों ने राहत की सांस ली.
बंडामुंडा. पेड़ गिरने से आवागमन रहा बाधित, बिजली आपूर्ति ठप
बंडामुंडा में बुधवार शाम करीब 10 मिनट तक आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचायी. तेज हवाओं के कारण रेलवे कॉलोनी के अलग-अलग क्षेत्रों में बड़े-बड़े पेड़ सड़क पर गिर पड़े, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया. तूफान का सबसे अधिक असर सी सेक्टर इलाके में देखने को मिला. यहां बैरक स्थित शिव मंदिर के पास एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. वहीं सी सेक्टर मार्केट स्थित फिटनेस पार्क के समीप भी एक बड़ा पेड़ गिर पड़ा, जिससे सड़क जाम हो गयी. रेलवे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप भी हो गयी. घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर सड़क से पेड़ हटाने और बिजली व्यवस्था बहाल करने के कार्य में जुट गयी हैं. खबर लिखे जाने तक राहत एवं मरम्मत कार्य जारी था.
राउरकेला : निर्मल मार्केट के पास कार पर गिरा पेड़
स्मार्ट सिटी में बुधवार मध्याह्न अचानक मौसम में हुए बदलाव का चौतरफा असर देखने को मिला. काल बैसाखी के प्रभाव में आये आंधी-तूफान में पावर हाउस रोड स्थित निर्मल मार्केट के पास एक पेड़ उखड़ गया. पेड़ सीधे एक कार के ऊपर गिरा, जिससे कार की छत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी. वहीं पास में ही खड़ी कुछ और कारें भी क्षतिग्रस्त हुईं. इसी तरह, शहर की मेन रोड पर वी मार्ट का बड़ा साइनबोर्ड टूटकर सड़क किनारे गिर गया. खुशकिस्मती से, किसी को चोट नहीं आयी. बसंती कॉलोनी के पास कुंभारपाड़ा में मलबा का ढेर गिरने से चार घरों को नुकसान पहुंचने की खबर है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










