Sundargarh News: एनएचएम का जूनियर इंजीनियर और चंपुआ का एसीएसओ घूस लेते गिरफ्तार
Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 27 May 2026 11:50 PM
Sundargarh News: ओडिशा विजिलेंस ने सुंदरगढ़ और क्योंझर जिले में रिश्वत लेते दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया है. मामले की जांच जारी है.
Sundargarh News: ओडिशा के सतर्कता विभाग ने बुधवार को सुंदरगढ़ और क्योंझर जिले में दो सरकारी अधिकारियों को रिश्वत लेते पकड़ा है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. सुंदरगढ़ में नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के जूनियर इंजीनियर सुमंत नायक को विजिलेंस ने 5000 रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. वहीं क्योंझर जिले के चंपुआ के सहायक नागरिक आपूर्ति अधिकारी (एसीएसओ) धूमराम मुर्मू को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया.
सिक्युरिटी डिपॉजिट रिलीज कराने के लिए फाइल आगे बढ़ाने को मांगी थी रिश्वत
सुंदरगढ़ सीडीएमओ कार्यालय में नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के जूनियर इंजीनियर के तौर पर कार्यरत जूनियर इंजीनियर सुमंत नायक को ओडिशा विजिलेंस ने बुधवार को तब गिरफ्तार किया, जब वे एक ठेकेदार से 5000 रुपये की रिश्वत ले रहे थे. यह रिश्वत सुंदरगढ़ जिले में पीएचसी भवन और कर्मचारियों के क्वार्टर की मरम्मत और नवीनीकरण के लिए जमा की गयी शुरुआती सिक्युरिटी डिपॉजिट राशि की वापसी के आवेदन को आगे बढ़ाने के लिए मांगी गयी थी. ठेकेदार द्वारा उक्त काम पूरा कर लिये जाने के बाद भी सुमंत नायक उसके पक्ष में सिक्युरिटी डिपॉजिट जारी करने वाली फाइल को आगे नहीं बढ़ा रहे थे. फाइल आगे बढ़ाने के लिए सुमंत नायक ने 5000 रुपये रिश्वत मांगी. इसके बाद ठेकेदार ने विजिलेंस अधिकारियों को इस मामले की सूचना दी. हरकत में आयी ओडिशा विजिलेंस की एक टीम ने सुमंत नायक उसके दफ्तर में ही ठेकेदार से रिश्वत लेते पकड़ लिया. आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गयी है और उसे जब्त कर लिया गया है. इसके बाद सुमंत नायक के तीन ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में एक साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. राउरकेला विजिलेंस पुलिस स्टेशन में केस नंबर 03/2026, धारा-7 पीसी (संशोधन) अधिनियम, 2018 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
एसीएसओ पर धान खरीद से जुड़े मामले में लैंपस इंचार्ज से रिश्वत मांगने और लेने का आरोप
ओडिशा विजिलेंस ने बुधवार को क्योंझर जिले के चंपुआ के सहायक नागरिक आपूर्ति अधिकारी (एसीएसओ) धूमराम मुर्मू को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया. आरोपी अधिकारी पर वर्तमान खरीफ विपणन सत्र के दौरान धान खरीद से जुड़े मामले में स्थानीय लैंपस इंचार्ज से रिश्वत मांगने और लेने का आरोप है. विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, धूमराम मुर्मू को उनके कार्यालय में रिश्वत लेते समय गिरफ्तार किया गया. कार्रवाई के दौरान उनके पास से पूरी राशि बरामद कर जब्त कर ली गयी है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अधिकारी अन्य धान खरीद केंद्रों से भी कथित रूप से रिश्वत की मांग कर रहा था. इस कार्रवाई के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया है. इस संबंध में बालेश्वर विजिलेंस थाना में केस संख्या 08/2026 दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा-7 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










