Bhubaneswar News: ओडशा में 45 हजार से अधिक बीएलओ ने घर-घर जाकर एसआइआर सर्वे शुरू किया
Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 30 May 2026 4:00 AM
Bhubaneswar News: ओडिशा में एसआइआर अभियान शनिवार को पुरी से शुरू किया गया. अंतिम सूची 6 सितंबर को जारी होगी.
Bhubaneswar News: ओडिशा में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान शनिवार को शुरू हुआ है. इसके तहत 45,000 से अधिक बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर व्यापक सर्वेक्षण करेंगे. यह जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी आरएस गोपालन ने दी.
नागरिक को एसआइआर के दौरान कोई कठिनाई नहीं होगी : गोपालन
गोपालन ने कहा कि यह अभियान पुरी में भगवान जगन्नाथ की पवित्र भूमि से शुरू हुआ, जिसमें 45,255 बीएलओ राज्य के सभी 147 विधानसभा क्षेत्रों में सर्वेक्षण के लिये तैनात किये गये, जो 30 मई से 28 जून तक आयोजित किया जायेगा. उन्होंने पत्रकारों को बताया कि लगभग 75 प्रतिशत मतदाताओं को केवल आवश्यक प्रपत्रों पर हस्ताक्षर करने होंगे, उन्हें मतदाता सूची (एसआइआर) के लिए किसी अन्य दस्तावेज की आवश्यकता नहीं है. किसी भी वास्तविक नागरिक को एसआइआर के दौरान कोई कठिनाई नहीं होगी. सीइओ ने कहा कि बीएलओ ने सराहनीय कार्य किया है, क्योंकि लगभग 95 प्रतिशत मतदाताओं का मिलान 2002 की मतदाता सूची से किया गया है, जब ओडिशा में पिछली बार एसआइआर किया गया था. गोपालन ने कहा कि मैं लोगों से यह भी अनुरोध करता हूं कि वे एसआइआर कवायद से संबंधित निराधार अफवाहों पर ध्यान न दें. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रक्रिया नियमों के अनुसार और शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो.
प्रत्येक प्रपत्र में व्यक्तिगत विवरण, पारिवारिक जानकारी दर्ज की जायेगी
गोपालन ने बताया कि राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए, बीएलओ प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से पहले घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे और अपराह्न तीन बजे से शाम 5:00 बजे तक बूथ पर मौजूद रहेंगे. सीइओ ने बताया कि अधिकारी गणना प्रपत्र वितरित करेंगे, लोगों को उन्हें भरने में सहायता करेंगे और भरे हुए प्रपत्र एकत्र करेंगे. उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रपत्र में व्यक्तिगत विवरण, पारिवारिक जानकारी और 2002 की मतदाता सूची से संबंधित जानकारी दर्ज की जायेगी. उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर किये जाने वाले सर्वेक्षण के दौरान अधिकारी प्रविष्टियों का सत्यापन करेंगे और छोटी-मोटी त्रुटियों को दूर करेंगे. गोपालन ने कहा कि बीएलओ को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई भी अपात्र मतदाता सूची में शामिल नहीं हो. उन्होंने बताया कि मसौदा मतदाता सूची पांच जुलाई को प्रकाशित की जायेगी और अंतिम सूची छह सितंबर को जारी की जायेगी. चुनाव अधिकारियों के अनुसार, इस पुनरीक्षण प्रक्रिया का उद्देश्य आगामी चुनावों से पहले मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना है. इसके अलावा, पात्र नये मतदाताओं का नामांकन, तथा मतदाता सूची में संशोधन, नाम जोड़ने और हटाने से संबंधित आवश्यक जानकारी भी एकत्र की जा रही है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










