Seraikela News : सड़क किनारे बिछीं मौत की लाइनें बांस पर टिके बिजली के तार

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 06 May 2025 11:36 PM

विज्ञापन

सड़क किनारे बिछीं मौत की लाइनें बांस पर टिके बिजली के तार

विज्ञापन

सरायकेला. सरायकेला शहरी क्षेत्र अंतर्गत कई टोला हैं, जिनके नाम तो शहर जैसे हैं, लेकिन यहां सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं है. नगर पंचायत की ओर से लोगों से जल कर से लेकर होल्डिंग टैक्स सहित कई तरह के टैक्स वसूले जा रहे है. लेकिन लोगों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं.

शहरी क्षेत्र के कई टोला के लोग आज भी सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं. इन टोला में जहां बांस की बल्लियों के सहारे दौड़ रहा करंट कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकता है, वहीं नाली और पक्की सड़क तक का अभाव है. जिससे लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सरायकेला नगर पंचायत की आदर्श कॉलोनी, शिशु मंदिर कॉलोनी, कोड़ासाही के समीप बसी कॉलोनी सहित इंद्रटांडी के समीप विकसित नयी कॉलोनी में रहने वाले लोगों से नगर पंचायत की ओर से टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन उन्हें सुविधाएं उपलब्ध नहीं करायी जा रही हैं.

हल्की आंधी में गिर जाती हैं बांस की बल्लियां:

उक्त कॉलोनियों में बिजली का पोल नहीं लगाया गया है, जिस कारण लोग बांस की बल्लियों के सहारे तार लाकर बिजली का कनेक्शन लिये हुए हैं. हल्की आंधी आने पर बांस की बल्ली टूट कर गिर जाती है, जिससे विद्युत आपूर्ति ठप हो जाती है. कई बार तो शॉर्ट सर्किट होने से घरों में विद्युत उपकरण भी जल जाते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली का पोल लगाने के लिए विभाग को कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया. इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है.

ड्रेनेज सिस्टम का अभाव लोगों को होती है परेशानी:

इन कॉलोनियों में ड्रेनेज सिस्टम का अभाव है. साथ ही कच्ची सड़क होने के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. खासकर बारिश के दिनों में सड़क किचड़मय होने से बाइक चलाना तो दूर, पैदल चलना भी दूभर हो जाता है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि इन कॉलोनियों में मकान बनाने के लिए नक्शा भी पास कराया गया है और नगर पंचायत की ओर से टैक्स भी वसूला जा रहा है, लेकिन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कुछ भी नहीं किया जा रहा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola