दुर्गम रास्तों पर दौड़ी विधायक की बाइक! सरायकेला के बांदूबेडा पहुंचे दशरथ गागराई, लगाई जनचौपाल
Published by : Sameer Oraon Updated At : 02 Apr 2026 4:50 PM
बाइक से सफर करते विधायक दशरथ गागराई
Dashrath Gagrai: सरायकेला के कुचाई प्रखंड के अति सुदूरवर्ती कोमाय क्षेत्र में विधायक दशरथ गागराई ने बाइक से 15 किमी का दुर्गम सफर तय कर जनचौपाल लगाई. ग्रामीणों ने सड़क, पानी और शिक्षा के अभाव की व्यथा सुनाई. पढ़ें पूरी रिपोर्ट
सरायकेला से शचिंद्र कुमार दाश की ग्राइंड रिपोर्ट
Dashrath Gagrai, सरायकेला : सरायकेला जिले के कुचाई प्रखंड के सुदूरवर्ती कोमाय क्षेत्र के बांदूबेडा और लोटाबुरु टोला में पहली बार विकास की वास्तविक किरण नजर आई है. घने जंगलों और ऊंची-नीची पहाड़ियों से घिरे इस इलाके तक पहुंचना आज भी एक बड़ी चुनौती है, जिसे स्वीकार करते हुए विधायक दशरथ गागराई ने स्वयं बाइक से करीब 15 किलोमीटर का दुर्गम सफर तय किया. चक्रधरपुर के टोकलो और लांजी जैसे दुर्गम रास्तों से होकर गांव पहुंचे विधायक ने, वहां जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी बुनियादी समस्याओं को विस्तार से सुना.

खटिया पर मरीज और पगडंडियों का सहारा
जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी बदहाली की दास्तां सुनाते हुए बताया कि, सड़क न होने के कारण गांव तक एम्बुलेंस नहीं पहुंच पाती है, जिससे गंभीर मरीजों को आज भी खटिया पर ढोकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है. पेयजल की स्थिति भी दयनीय है, क्योंकि भारी मशीनें गांव तक न पहुंच पाने के कारण चापाकल तक नहीं लग पाए हैं और ग्रामीणों को पहाड़ी के नीचे से पानी लाना पड़ता है. इसके अलावा, गांव में स्कूल और संचार व्यवस्था (नेटवर्क) का अभाव बच्चों के भविष्य और सूचना तंत्र पर भारी पड़ रहा है.

Also Read: गढ़वा के मेराल में अबुआ आवास के नाम पर वसूली, बीडीसी और बिचौलियों पर केस दर्ज
सड़क निर्माण से खुलेगा विकास का द्वार
विधायक दशरथ गागराई ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि, इन गांवों तक पक्की सड़क निर्माण की दिशा में प्राथमिकता के आधार पर पहल की जाएगी. उन्होंने जोर देकर कहा कि, बेहतर सड़क सुविधा मिलने से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर स्वतः ही बढ़ेंगे और लोगों की रोजमर्रा की परेशानियां कम होंगी. कभी नक्सल प्रभावित रहे इस इलाके में विधायक के इस साहसिक दौरे से ग्रामीणों के बीच नई उम्मीद जगी है कि, उनका क्षेत्र भी अब जल्द ही विकास की मुख्यधारा का हिस्सा बनेगा.



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










