169 कर्मियों के भरोसे झारखंड का उत्पाद विभाग, 10 साल में दर्ज हैं अवैध शराब से जुड़े 92 हजार से अधिक मामले
Published by : Sameer Oraon Updated At : 24 Mar 2025 10:30 AM
झारखंड में 169 कर्मियों के भरोसे चल रहा है उत्पाद विभाग का काम, सांकेतिक तस्वीर
Jharkhand Excise Department: झारखंड के उत्पाद विभाग में बीते 10 सालों में शराब से जुड़े 92 हजार से अधिक मामले दर्ज किये गये हैं. लेकिन इस विभाग के कार्यों का संचालन 169 अधिकारी और कर्मचारियों के भरोसे हो रहा है.
रांची, सुनील कुमार झा: झारखंड के उत्पाद विभाग में काम करने वाले कार्यरत अधिकारी और कर्मचारियों की संख्या मात्र 169 है, जिसके भरोसे इस विभाग का संचालन हो रहा है. जबकि इस विभाग में स्वीकृत पदों की संख्या 1070 है. उत्पाद विभाग ने बीते 10 वर्षों में अवैध शराब से जुड़े 92,362 मामला दर्ज किये. इनमें से 45,588 मामलों (संधानित) में आरोपी से जुर्माना लेकर उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया. विभाग द्वारा दर्ज मामलों में जितने लोग आरोपी बनाये गये, उनमें से 32,361 आरोपी फरार हैं, जबकि 12,960 आरोपी अज्ञात हैं. फरार आरोपियों की न तो गिरफ्तारी हो सकी है और न ही अज्ञात का आज तक पता चल सका.
उत्पाद विभाग ने 5934 आरोपियों को भेजा जेल
विभाग ने इस दौरान 5934 आरोपियों को जेल भी भेजा है. उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग द्वारा तैयार रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2015- 16 से लेकर वर्ष 2024-25 तक लगभग 20 करोड़ रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया. इस दौरान सबसे अधिक जुर्माने की वसूली वर्ष 2024-25 में हुई है. वर्तमान वित्तीय वर्ष में फरवरी तक 2.13 करोड़ रुपये जुर्माने की वसूली हुई थी.
Also Read: साहिबगंज में रहस्यमयी बीमारी ने ली 10 दिन में पांच बच्चों की जान, ये हैं इसके लक्षण
उत्पाद विभाग में 1070 पद स्वीकृत, 901 रिक्त
उत्पाद विभाग में अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक के कुल 1070 पद स्वीकृत हैं. इनमें से वर्तमान में कुल 901 पद रिक्त हैं. स्वीकृत पदों पर कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी की संख्या मात्र 169 है. विभाग द्वारा तैयार रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में उत्पाद सिपाही के कुल 622 पद सृजित हैं, जबकि कार्यरत सिपाही की संख्या मात्र 29 है. सहायक अवर निरीक्षक के 105 में से 102 व अपर निरीक्षक के 125 में से 70 पद रिक्त हैं. विभाग में चालक के कुल 36 पद सृजित हैं और चालक के सभी पद रिक्त हैं. इसके अलावा उत्पाद उपायुक्त, अनुसेवक और रिकॉर्ड कीपर के सभी पद रिक्त हैं. जिला पुलिस बल के जवान आवश्यकता अनुरूप उत्पाद विभाग में प्रतिनियुक्ति पर कार्य कर रहे हैं.
583 उत्पाद सिपाही की नियुक्ति की चल रही प्रक्रिया
झारखंड में 583 उत्पाद सिपाही की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है. इस संबंध में राज्य सरकार द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
क्या कहते हैं विभाग के मंत्री
उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा है कि झारखंड में उत्पाद सिपाही की नियुक्ति जल्द होगी. इसके लिए प्रक्रिया पूरी की जा रही है. नियुक्ति के लिए निर्धारित दौड़ की शर्त में बदलाव किया है. इसकी कैबिनेट से स्वीकृति मिल गयी है. राज्य में दुकानों की संख्या से लेकर शराब की बिक्री बढ़ी है. ऐसे में आवश्यकता अनुरूप विभाग में पद भी सृजित किये जायेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










