रांची : लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत सहाय को अपर बाजार के बूथ संख्या 141 पर सबसे कम नौ मत मिले. वहीं, चुटिया के बूथ संख्या पर केवल 14 मत मिले. रांची लोकसभा के अधीन पड़नेवाले रांची विधानसभा में कुल 370 बूथ थे. इसमें से सुबोधकांत को 200 बूथों पर 100 से कम मत मिले हैं.
वहीं, पहाड़ी टोला, पुरानी रांची, हिंदपीढ़ी, ग्वाला टोली के 154 से 201 बूथ पर काफी मत मिले. इन बूथों पर इन्हें 300 से लेकर 800 मत तक मिले. इन बूथों पर उन्होंने भाजपा प्रत्याशी पर अच्छी बढ़त बनायी. उर्दू मिडिल स्कूल हिंदपीढ़ी के बूथ संख्या 181 पर सुबोधकांत को 818 मत मिले.
वहीं, इस बूथ पर संजय सेठ को सिर्फ आठ मत मिले. सुबोधकांत को मिल्लत एकेडमी के बूथ संख्या 164, गुरुनानक स्कूल ग्लावा टोली के बूथ संख्या 164 पर 749, आजाद बस्ती के बूथ संख्या 259 पर 628 व उर्द मिडिल स्कूल के बूथ संख्या 180 पर 719 मत मिले. इन इलाकों के बूथों पर भाजपा प्रत्याशी कई बूथों पर दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर सके. इसके अलावा सुबोधकांत को जीइएल चर्च कंपाउंड, पत्थल कुदवा, आजाद बस्ती में भी 200 से लेकर 600 मत मिले हैं.
रांची लोकसभा में कांग्रेस प्रत्याशी की बूथ कमेटी की कमान कांग्रेस रांची महानगर के कार्यकर्ता संभाल रहे थे. रांची महानगर को आठ से अधिक बूथों की जिम्मेवारी सौंपी गयी थी. रांची महानगर में कुल 940 बूथ पड़ते हैं. इसमें कुछ बूथ हटिया व खिजरी विधानसभा के भी शामिल हैं. कांग्रेस की ओर से रांची विधानसभा के कई बूथों पर महागठबंधन में शामिल दलों के प्रतिनिधियों व अन्य लोगों को बूथ कमेटी की व्यवस्था सौंपी गयी थी.
कांग्रेस रांची महानगर संभाल रही थी बूथ कमेटी
उर्दू मिडिल स्कूल हिंदपीढ़ी के बूथ संख्या 181 पर सुबोधकांत को 818 व संजय को सिर्फ आठ मत
सुबोधकांत को 370 बूथों में से 200 में मिले 100 से कम मत
हिंदपीढ़ी, जीइएल चर्च कंपाउंड, पत्थल कुदवा, आजाद बस्ती में सुबोधकांत काफी मत मिले
