UPSC में चितरपुर के क्षितिज तिवारी ने लहराया परचम, 218 वीं रैंक लाकर बने असिस्टेंट कमांडेंट

विज्ञापन

क्षितिज तिवारी (फोटो फाइल) : प्रभात खबर

चितरपुर के क्षितिज तिवारी ने यूपीएससी सीएपीएफ परीक्षा में 218वीं रैंक हासिल कर असिस्टेंट कमांडेंट बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. जानें उनकी सफलता की कहानी.

विज्ञापन

चितरपुर से सुरेंद्र कुमार और शंकर पोद्दार की रिपोर्ट


चितरपुर के जवाहर रोड निवासी क्षितिज तिवारी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. क्षितिज ने परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 218वीं रैंक हासिल की है. इसके साथ ही उनका चयन असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर हुआ है. उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिवार, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है. क्षितिज तिवारी ने वर्ष 2020-24 में आईआईटी मद्रास से बीटेक की पढ़ाई पूरी की है. इससे पहले उन्होंने नई दिल्ली स्थित केंद्रीय विद्यालय एंड्रयूजगंज से 12वीं की पढ़ाई पूरी की, जिसमें उन्होंने 96 प्रतिशत अंक हासिल किये थे. वहीं 10वीं की परीक्षा में उन्होंने 10 सीजीपीए प्राप्त किया था. स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक लगातार बेहतर प्रदर्शन करने वाले क्षितिज ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यूपीएससी की प्रतिष्ठित सीएपीएफ परीक्षा में सफलता हासिल की.

परिवार में रहा है शिक्षा का माहौल

क्षितिज की सफलता में उनके परिवार के शैक्षणिक माहौल की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उनके पिता जनार्दन तिवारी गणित के शिक्षक एवं मार्गदर्शक हैं. वह 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के साथ-साथ जेईई मेन और जेईई एडवांस की तैयारी कराने के लिए नई दिल्ली के लाजपत नगर में जेटी क्लासेस नाम से कोचिंग संस्थान का संचालन करते हैं. विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन देने वाले जनार्दन तिवारी ने अपने दोनों पुत्रों की शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया. क्षितिज की माता छाया तिवारी प्राथमिक स्तर की कक्षाओं की शिक्षिका हैं. माता-पिता के मार्गदर्शन और परिवार में शिक्षा के अनुकूल वातावरण ने क्षितिज को लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. परिवार में शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर माहौल रहा, जिसका परिणाम दोनों भाइयों की शैक्षणिक उपलब्धियों के रूप में सामने आया है.

छोटा भाई आईआईटी बीएचयू में कर रहा पढ़ाई

क्षितिज के छोटे भाई सक्षम तिवारी भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं. वह वर्तमान में आईआईटी बीएचयू में मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं. सक्षम 2023-27 बैच के विद्यार्थी हैं. दोनों भाइयों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर परिवार के साथ-साथ चितरपुर क्षेत्र का भी गौरव बढ़ाया है.

शुभचिंतकों ने दी क्षितिज को बधाई

क्षितिज के यूपीएससी के माध्यम से सीएपीएफ में असिस्टेंट कमांडेंट पद पर चयन की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई दी. शहजादा अनवर, योगेंद्र उपाध्याय, अशोक उपाध्याय, सुधीर चंद्र पोद्दार, सुरेंद्र कुमार, पवन कुमार दांगी, मो साजिद हुसैन, जका उल्लाह, गौतम पोद्दार, शंकर पोद्दार और राजीव रंजन चौरसिया ने क्षितिज तिवारी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. लोगों ने कहा कि क्षितिज की यह उपलब्धि चितरपुर क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने अपनी सफलता से यह साबित किया है कि लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर मेहनत के बल पर कठिन से कठिन प्रतियोगी परीक्षा में भी सफलता हासिल की जा सकती है. क्षितिज की उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में भी नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है.

ये भी पढ़ें: गढ़वा में गूंजा लाठीचार्ज का विरोध: रांची में हुए लाठीचार्ज के विरोध में सड़कों पर उतरी भाजपा


विज्ञापन
शंकर चंद्र पोद्दार

लेखक के बारे में

By शंकर चंद्र पोद्दार

शंकर चंद्र पोद्दार को प्रिंट एवं डिजिटल पत्रकारिता में विशेष रुचि है. वह राजनीति, समाज, शिक्षा तथा क्षेत्रीय घटनाओं और जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों को निष्पक्ष एवं तथ्यपरक ढंग से प्रमुखता के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. पिछले लगभग 12 वर्षों से प्रभात खबर के साथ जुड़कर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं. उनका उद्देश्य जनसरोकार के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते हुए समाज और प्रशासन के बीच एक सशक्त संवाद स्थापित करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola