रैलीगढ़ा से हो रही कोयला ढुलाई में हेराफेरी उजागर, वाहन चालक व मुंशी गिरफ्तार

वाहन चालक व मुंशी गिरफ्तार
रैलीगढ़ा परियोजना के सुरक्षा प्रभारी की लिखित शिकायत पर गिद्दी थाना में मामला दर्ज गिद्दी. रैलीगढ़ा परियोजना से सौंदा बी साइडिंग तक होने वाली कोयला ढुलाई में सुनियोजित हेराफेरी का खुलासा हुआ है. पुलिस ने हाइवा वाहन को जब्त कर लिया है. रैलीगढ़ा परियोजना के सुरक्षा प्रभारी भुवनेश्वर प्रसाद भुनेश की लिखित शिकायत पर गिद्दी थाना में मामला दर्ज किया गया है. इसमें वाहन मालिक जयंत साही, मुंशी मनोज कुमार ओझा, वाहन चालक हर्षवर्धन सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने वाहन चालक व मुंशी को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी मिली है कि रैलीगढ़ा परियोजना से 29 हजार 700 मीट्रिक टन कोयला लदाई कर हाइवा वाहन (जेएच01एफपी-0507) शुक्रवार रात एक बज कर 17 मिनट पर सौंदा बी साइडिंग के लिए निकला. वाहन मालिक जयंत साही और मुंशी मनोज कुमार ओझा द्वारा वाहन को बीच रास्ते में रोका गया और वाहन में लगे जीपीएस सिस्टम के साथ छेड़छाड़ कर उसे निकाल दिया गया. इसके बाद होसिर क्षेत्र की एक फैक्ट्री में इस कोयले को बेच दिया गया और हाइवा वाहन वहां से सौंदा बी साइडिंग के लिए निकल गया. सुरक्षाकर्मियों को अरगड्डा क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट मॉनिटरिंग सिस्टम के कंट्रोल रूम से ही इसकी जानकारी रात में मिल गयी थी. रात से ही हाइवा वाहन की खोजबीन शुरू कर दी गयी, लेकिन शनिवार सुबह हाइवा वाहन को भुरकुंडा क्षेत्र से जब्त किया गया. रैलीगढ़ा कोलियरी प्रबंधन ने कहा कि इस पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जायेगी. ट्रांसपोर्टर को इसे लेकर पत्र भेज दिया गया है और उनसे जवाब मांगा गया है. गिद्दी पुलिस ने कहा कि इसकी जांच तेज कर दी गयी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




