ePaper

महाकुंभ यात्रियों की भीड़ हुई नियंत्रित, रेलवे हाई अलर्ट मोड में

Updated at : 16 Feb 2025 8:44 PM (IST)
विज्ञापन
महाकुंभ यात्रियों की भीड़ हुई नियंत्रित, रेलवे हाई अलर्ट मोड में

महाकुंभ के चलते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रेलवे स्टेशनों पर उमड़ रही थी, लेकिन रविवार को कोडरमा रेलवे स्टेशन पर अपेक्षाकृत भीड़ कम देखी गयी.

विज्ञापन

झुमरीतिलैया. महाकुंभ के चलते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रेलवे स्टेशनों पर उमड़ रही थी, लेकिन रविवार को कोडरमा रेलवे स्टेशन पर अपेक्षाकृत भीड़ कम देखी गयी. दिल्ली रेलवे हादसे के बाद धनबाद रेल मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए कई अहम कदम उठाये हैं. अधिकारियों की सख्ती और सुरक्षा उपायों के चलते ट्रेनों और प्लेटफार्मों पर अब पहले जैसी भीड़ नजर नहीं आ रही है. रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. स्टेशन परिसरों में प्रतीक्षालय के लिए अस्थायी टेंट और सुरक्षा जांच को बढ़ाया गया है. यात्रियों से अनावश्यक भीड़ नहीं करने और यात्रा के दौरान अनुशासन बनाये रखने की अपील की गयी है.

अफवाह के कारण यात्रियों की भीड़

हाल ही में यह अफवाह फैली थी कि महाकुंभ के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है. इससे भारी संख्या में श्रद्धालु बिना टिकट ही रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने लगे थे. 12 जनवरी (माघी पूर्णिमा) के बाद भी यह भीड़ लगातार बनी रही. हालांकि, अब रेलवे द्वारा चलाये जा रहे जागरूकता अभियानों के कारण स्थिति नियंत्रण में आ रही है. शनिवार को कोडरमा रेलवे स्टेशन से दस हजार से अधिक यात्री कुंभ स्पेशल और लंबी दूरी की ट्रेनों से रवाना हुए. अधिकारियों का कहना है कि अफवाह के कारण बिना टिकट यात्रियों की संख्या बढ़ गयी थी, लेकिन अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है.

आरक्षित टिकट वालों को भी हो रही परेशानी

यात्रियों की अधिक संख्या के कारण ट्रेनों में बर्थ मिलना मुश्किल हो गया है. कई ट्रेनों में कंफर्म टिकट वाले यात्री भी एसी और स्लीपर कोच में परेशानी से यात्रा कर रहे हैं. धनबाद रेल मंडल के वाणिज्य प्रबंधक अमरेश कुमार के अनुसार, डीआरएम कमल किशोर सिन्हा के निर्देश पर स्टेशनों पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अब फुट ओवरब्रिज के माध्यम से यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर भेजा जा रहा है, जिससे अनावश्यक भीड़ को रोका जा सके. रेलवे का कहना है कि यदि भीड़ ज्यादा बढ़ती है, तो यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनें चलायी जायेंगी. धनबाद रेल मंडल ने कहा है कि यात्रा को सुगम बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है.

प्रतीक्षालय और टेंट की व्यवस्था, यात्रियों को राहत

दिल्ली हादसे के बाद धनबाद रेल मंडल में यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय बनाये जा रहे हैं. इसके तहत कोडरमा स्टेशन के बाहर दोनों तरफ, पारसनाथ, धनबाद, डालटनगंज और गढ़वा स्टेशनों पर अस्थायी टेंट तैयार किये जा रहे हैं. कोडरमा के वरीय अनुभाग अभियंता (कार्य ) गौरी शंकर कुमार ने बताया कि रविवार रात तक टेंट का निर्माण पूरा कर लिया जायेगा. टेंट में 50 कुर्सियां, कालीन और पानी की व्यवस्था रहेगी, जिससे प्लेटफॉर्म पर भीड़ कम हो सके. रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है.

रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त

धनबाद रेल मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर अधिकारियों की विशेष तैनाती की गई है. रविवार को कोडरमा रेलवे स्टेशन पर गझंडी के सहायक मंडल अभियंता उमाकांत प्रजापति और धनबाद के मंडल संकेत अभियंता सतीश सिंह को प्रतिनियुक्त किया गया. इनके नेतृत्व में सीटीआइ बच्चा सिंह, दीपक कुमार और वाणिज्य एवं परिचालन विभाग के कर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं. रेलवे का कहना है कि यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

जमुआ में ट्रेन रोकने और हंगामे पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

महाकुंभ यात्रा के दौरान जमुआ में ट्रेन रोकने और हंगामा करने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गयी है. धनबाद रेल मंडल के आरपीएफ कमांडेंट अनुराग मीणा ने बताया कि रेलवे अधिनियम की धारा 154 और 174 के तहत कोडरमा आरपीएफ में मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि रेलवे में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.

सीसीटीवी से निगरानी, उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाई

धनबाद रेल मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर सीसीटीवी से निगरानी बढ़ा दी गयी है. आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों से यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे प्लेटफॉर्म पर अधिक भीड़ न लगायें. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि कुंभ मेले की यात्रा के दौरान अफवाहों पर ध्यान न दें और यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों का पालन करें. रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि यात्रियों को अफवाहों से बचना चाहिए और टिकट लेकर ही यात्रा करनी चाहिए. सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा के लिए रेलवे की गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य है. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे भीड़ को नियंत्रित करने में रेलवे की सहायता करें और यात्रा को आरामदायक बनाने में सहयोग दें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola