Jamshedpur News : सिदगोड़ा : ससुराल में फंदे से लटकी मिली महिला, हत्या का आरोप

Published by : RAJESH SINGH Updated At : 09 Sep 2025 1:06 AM

विज्ञापन

Jamshedpur News : सिदगोड़ा थानांतर्गत पेट्रोल पंप के पास क्वार्टर नंबर एल4/3 की रहने वाली स्नेहा श्रीवास्तव (34) का शव संदिग्ध हालत में उसके ससुराल में फंदे से लटका पाया गया.

विज्ञापन

टीएमएच में भिड़े ससुराल और मायके पक्ष के लोग

दजेह और बच्चा नहीं होने को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप

Jamshedpur News :

सिदगोड़ा थानांतर्गत पेट्रोल पंप के पास क्वार्टर नंबर एल4/3 की रहने वाली स्नेहा श्रीवास्तव (34) का शव संदिग्ध हालत में उसके ससुराल में फंदे से लटका पाया गया. सूचना मिलने के बाद पहुंचे मायके पक्ष के लोग उसे फंदे से उतारकर टीएमएच ले गये, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. उसके शव को परिवार के लोगों ने टीएमएच के शीतगृह में रख दिया है. घटना के बाद स्नेहा के मायके पक्ष के लोगों में आक्रोश है. उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया और उसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया. घटना सोमवार दोपहर करीब दो बजे की है.

घटना के संबंध में स्नेहा के भाई अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी बहन की शादी वर्ष 2016 में सिदगोड़ा के रहने वाले निखिल श्रीवास्तव के साथ हुई थी. शादी के कुछ दिन बाद निखिल और उसके परिवार के लोगों ने दहेज की मांग को लेकर स्नेहा को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. जब भी ससुरालवालों की ओर से जिस चीज की मांग की गयी, उसे दिया गया. मगर उनलोगों ने स्नेहा को प्रताड़ित करना नहीं छोड़ा. कई बार पारिवारिक स्तर पर मामले को सुलझाया गया. हाल के दिनों में स्नेहा के पति निखिल, ननद सोनी और ननदोई सोनू श्रीवास्तव उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे. बच्चा नहीं होने की वजह से स्नेहा को बार-बार ताना दिया जाता था. सोमवार को फिर से पति निखिल, ननद और ननदोई ने उसे दहेज नहीं लाने और बच्चे नहीं होने को लेकर कोसा. उसी दौरान निखिल ने उसके साथ मारपीट भी की. निखिल ने कहा कि वह उसे तलाक दे देगा. इसके बाद स्नेहा अपने मायके गोलमुरी देबून बगान आ गयी. लेकिन मायके पक्ष के लोगों के समझाने के बाद वह पुन: अपने ससुराल चली गयी. दिन के करीब दो बजे उसके ससुराल के लोगों ने फोन कर बताया कि उसकी तबीयत काफी खराब हो गयी है. जब वे लोग मौके पर पहुंचे, तो देखा कि स्नेहा फंदे से लटकी हुई है. सूचना मिलने के बाद पहुंची सिदगोड़ा थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए मंगलवार को एमजीए मेडिकल कॉलेज भेजेगी.

टीएमएच में भिड़े मायके और ससुराल पक्ष के लोग

स्नेहा की मौत की खबर मिलने के साथ ही मायके पक्ष के लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया. इस दौरान मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के लोगों के साथ हल्का धक्का-मुक्की भी की. सूचना मिलने के बाद बिष्टुपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया. वहीं स्नेहा के भाई अभिषेक ने निखिल, ननद सोनी और ननदोई सोनू श्रीवास्तव समेत अन्य लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया. निखिल श्रीवास्तव जेकैप्पल कंपनी में काम करता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAJESH SINGH

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola