मृतकों का बिसरा एफएसएल रांची भेजा गया

पौता गांव से लापता एक युवक व दो युवती का शव बरामदगी का मामला
हजारीबाग. मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पौता गांव से लापता एक युवक व दो युवतियों के शव बरामदगी मामले में पुलिसिया जांच तेज हो गयी है. पुलिस कई पहलुओं पर जांच में जुटी है. हालांकि पुलिस को अबतक कोई साक्ष्य नहीं मिला है. एसपी द्वारा गठित जांच दल मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल, स्पॉट वेरिफिकेशन कर रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट को जांच का विशेष बिंदु माना जा रहा है. पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव का बिसरा जांच के लिए एफएसएल लैब रांची भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पायेगा कि तीनों की मौत कैसे हुई है. जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम के दौरान मृतकों के पेट से बिरयानी निकली थी. अब सवाल उठता है कि तीनों ने बिरयानी कहां खायी थी. जांच टीम प्रेम प्रसंग, ऑनर किलिंग, पुरानी दुश्मनी या अन्य कारणों से हत्या की बिंदुओं पर भी अनुसंधान में जुटी है. पुलिस ने घटनास्थल से मृतकों का चप्पल और सामान बरामद किया था. कथित यू-ट्यूबर से पूछताछ : यू-ट्यूबर सोहेल को पुलिस ने बुधवार को गया से आने के क्रम में पकड़ लिया. उससे थाना में पूछताछ की जा रही है. एक मृतका के पिता ने प्राथमिकी में सात लोगों सहित यू-ट्यूबर सोहेल को भी आरोपी बनाया है. यू-ट्यूबर पर आरोप है कि उसने लापता युवक-युवतियों के खोजबीन के नाम पर उनके परिजनों से 50 हजार रुपये की मांग की थी. उसने परिजनों को तीनों लापता युवक-युवतियों का वीडियो दिखाकर कहा था कि ये लोग भुरकुंडा स्थित रेलवे क्वार्टर में हैं. परिजनों के साथ जब पुलिस ने 24-25 अप्रैल की रात उसी वीडियो के आधार पर भुरकुंडा में रेड की, तो वहां कोई नही मिला. यू-ट्यूबर ने रुपये के लिए पुलिस और मृतक के परिजनों को गुमराह किया. एसपी ने एसआइटी गठित की : मामले को लेकर एसपी अमन कुमार ने एसआइटी गठित की है. टीम में एएसपी अमित कुमार, सदर एसडीपीओ अमित आनंद, बरकट्ठा इंस्पेक्टर इमदाद अंसारी, मुफ्फसिल थाना प्रभारी रोशन वर्णवाल, दारू थाना प्रभारी इकबाल हुसैन शामिल हैं. एसपी के अनुसार इस घटना को लेकर सभी बिंदुओं पर जांच जाती है. शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










