शहर में जगह-जगह जमा है कूड़ा-कचरा, लोग परेशान

प्रभात खबर पाठक मंच के माध्यम से लोगों ने प्रशासन से कचरा का उठाव करने की मांग की
गुमला. गुमला शहर के कई मुहल्लों व मुख्य सड़कों पर कूड़ा-कचरा फेंका हुआ है. परंतु उसका उठाव नगर परिषद नहीं कर रहा है. जबकि अभी छठ पूजा की तैयारी शुरू हो गयी है. छठ शुद्धता व स्वच्छता का पर्व है. ऐसे में साफ-सफाई जरूरी है. लेकिन शहर में जगह-जगह कूड़ा-कचरा का ढेर है. शहर के कई लोगों ने प्रभात खबर पाठक मंच के माध्यम से कूड़ा-कचरा का फोटो भेज कर नगर परिषद का ध्यान दिलाने की अपील की है. लोगों ने कहा है कि छठ पूजा शुरू होने वाली है, परंतु उससे पहले गुमला शहर की स्थिति नरक बन गयी है. पालकोट रोड निवासी राजेश कुमार गुप्ता ने कहा है कि जवाहर नगर में नगर परिषद सफाई नहीं कर रहा है, जिसका नतीजा है कि सड़क के किनारे कूड़ा-कचरा का ढेर जमा हो गया है. राहुल कुमार ने सोशल मीडिया में फोटो डालते हुए कहा है कि लोहरदगा रोड गोपाल मंदिर के समीप कूड़ा कचरा जमा हो गया है. लेकिन उसका उठाव नहीं हो रहा है. हरिओम साहू ने कहा है कि हनुमान मंदिर के समीप कूड़ा-कचरा भर गया है. अभी छठ पूजा है, ऐसे में लोगों को परेशानी हो रही है. पूर्व वार्ड पार्षद उज्जवल केशरी ने कहा है कि नगर परिषद गुमला द्वारा दुंदुरिया स्थित कचरा डंप स्थल पर शहर का कूड़ा कचरा फेंका जाता है. परंतु यहां देखा गया कि सफाई कर्मियों ने घेराबंदी की जगह बाहर खुले स्थान पर कचरा फेंक दिया है. इस कारण लोगों ने डंप स्थल पर कूड़ा-कचरा फेंकने का विरोध किया है. शंकर लाल जाजोदिया ने कहा है कि लोहरदगा रोड में छोटी दीपावली के बाद से नगर परिषद द्वारा कूड़ा-कचरा का उठाव नहीं किया गया है. शिशिर कुमार गुप्ता ने कहा है कि ऐसा लग रहा है कि नगर परिषद अभी छुट्टी में चल रहा है. इस कारण शहर की सफाई नहीं हो रही है. प्रदीप कुमार ने कहा है कि नगर परिषद जिस स्थान पर कूड़ा-कचरा फेंक रहा है, वहां के लोगों का रहना दूभर हो गया है. नंदकिशोर सिंह ने कहा है कि जहां डंप बना है, उसे डंपिंग यार्ड के अंदर नगर परिषद के लोग कूड़ा-कचरा फेंके. फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने कहा है कि शहर की स्थिति से अवगत होने के बाद मैंने सिटी मैनेजर नगर परिषद को कूड़ा-कचरा की सफाई करने की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




