नगर परिषद में चल रहे विवादों के बीच बोर्ड की पहली बैठक कल

कार्यपालक पदाधिकारी ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व पार्षदों के नाम जारी किये हैं पत्र
गुमला. नगर परिषद गुमला में चल रहे विवादों के बीच बोर्ड की पहली बैठक दो अप्रैल को होगी. इसके लिए नगर परिषद गुमला के कार्यपालक पदाधिकारी ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व वार्ड पार्षदों के नाम पत्र जारी किये हैं. बैठक दिन के 11.30 बजे रखी गयी है. बता दें कि गुमला शहर की समस्याओं को लेकर नगर परिषद की अध्यक्ष शकुंतला उरांव, उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी के साथ कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार का विवाद हो गया है. विवाद गुमला उपायुक्त के कार्यालय तक पहुंचा है. साथ ही अध्यक्ष ने कार्यपालक पदाधिकारी के खिलाफ एसटी एससी थाना में शिकायत भी दर्ज करायी है, जिसकी पुलिसिया जांच चल रही है. अभी भी अध्यक्ष व कार्यपालक पदाधिकारी के बीच विवाद गहराया हुआ है. क्योंकि अध्यक्ष के आरोप के अनुसार कार्यपालक पदाधिकारी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया था. इसलिए उन्होंने डीसी व एसटी एससी थाना में शिकायत दर्ज करायी है. मनीष कुमार अब प्रशासक नहीं, कार्यपालक पदाधिकारी होंगे : नगर परिषद के चुनाव के बाद बोर्ड का गठन हो गया है. ऐसे में अब मनीष कुमार प्रशासक नहीं होंगे. अब वे कार्यपालक पदाधिकारी होंगे. क्योंकि पावर अब नगर परिषद के अध्यक्ष व बोर्ड के हाथ में आ गयी है. इधर विवाद के बाद मनीष कुमार ने प्रशासक का बोर्ड हटा लिया है और उन्होंने अपने कार्यालय के बाहर कार्यपालक पदाधिकारी लिख दिया है. नगर परिषद गुमला के उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने कहा है कि शहर के विकास के लिए जरूरी है कि हम सभी को मिल कर काम करना होगा. अगर किसी अधिकारी को अपने पद का घमंड होगा, तो ऐसे में शहर का विकास करना मुश्किल होगा. दो अप्रैल को बोर्ड की पहली बैठक है. बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा होंगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




