गुमला में सड़क सुरक्षा पर DC का हंटर: हाईवे के अवैध कट होंगे बंद, एम्बुलेंस को 15 मिनट में पहुंचने का अल्टीमेटम

Updated:
विज्ञापन

अधिकारियों के साथ बैठक करते डीसी

Gumla DC: गुमला उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने सड़क सुरक्षा समिति के साथ बैठक की है. इसमें उर्मी चौक पर गोलंबर, जोड़ाजाम में हाई मास्ट लाइट लगाने और बसों के मनमाने किराए की जांच के कड़े निर्देश दिए.

विज्ञापन

गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट

Gumla DC, गुमला : गुमला जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों पर ब्रेक लगाने और बेलगाम यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की एक बेहद महत्वपूर्ण और आपातकालीन बैठक हुई. उपायुक्त (DC) दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार किया है. उपायुक्त ने सड़कों को दुरुस्त करने के साथ-साथ हाल ही में बस एसोसिएशन द्वारा बढ़ाए गए मनमाने किराए को गंभीरता से लिया है. उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि जनता की जेब पर डाका डालने वाले और सड़क सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले अफसरों और संचालकों को बख्शा नहीं जाएगा.

यात्रियों से मनमाना भाड़ा वसूला तो खैर नहीं

बैठक में बस एसोसिएशन द्वारा अचानक किराया बढ़ाए जाने के मुद्दे पर तीखी बहस हुई. इस मामले पर कड़ा संज्ञान लेते हुए उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने अधिकारियों को तुरंत मैदान में उतरने का आदेश दिया है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे बस स्टैंडों और बसों का औचक निरीक्षण (Surprise Inspection) करें. इसके अलावा उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यात्रियों से ली जा रही वास्तविक रकम की जांच की जाएगी, ताकि अवैध वसूली की सत्यता का पता लगाकर दोषियों पर सीधे कानूनी कार्रवाई की जा सके. इसके लिए जल्द ही एक विशेष बैठक बुलाई जा रही है.

Also Read: बारिश भी नहीं रोक पाई महिलाओं का उत्साह, नोवामुंडी की महुदी में 178 नौनिहालों का बना बाल आधार कार्ड

उर्मी चौक पर बनेगा गोलंबर, ब्लैक स्पॉट होगा दुरुस्त

सड़कों की जर्जर स्थिति और हादसों को दावत दे रहे ‘ब्लैक स्पॉट्स’ की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से जमीन पर काम शुरू करने का अल्टीमेटम दिया है. साथ ही उन्होंने शहर के प्रमुख उर्मी चौक पर गोलंबर (Roundabout) और रंबल स्ट्रिप का निर्माण कार्य हर हाल में एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का समय दिया है. इसके अलावा हादसों के लिए कुख्यात ‘जोड़ाजाम ब्लैक स्पॉट’ पर रात के अंधेरे में होने वाले एक्सीडेंट्स को रोकने के लिए तत्काल हाई मास्ट लाइट लगाने की मंजूरी दी गई है. बैठक में एनएचएआई (NHAI) को भी सख्त हिदायत दी गई है कि हाईवे पर बने तमाम अवैध और खतरनाक कट को अगले 10 दिनों के भीतर पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया जाए. इसके अतिरिक्त गुमला-घाघरा रोड के अस्थायी मरम्मत कार्य को भी एक हफ्ते में समेटने का आदेश जारी हुआ है.

15 मिनट से कम होगा एम्बुलेंस का रिस्पांस टाइम

डीसी ने अधिकारियों को यह भी कहा कि हादसों के बाद घायल लोगों की जान बचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और एनएचएआई को मिलकर काम करने को कहा गया है. स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिहाज से टोल प्लाजा के पास एक नए हाईवे एम्बुलेंस तैनात निर्देश मिला है. इन सबके साथ साथ हाईवे हेल्पलाइन नंबर को और एक्टिव करते हुए एम्बुलेंस का रिस्पांस टाइम 15 मिनट से भी कम करने का कड़ा आदेश दिया गया है.

स्कूल बसों की चेकिंग

मासूम बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले की सभी स्कूल बसों की फिटनेस की सघन जांच करने का बड़ा फैसला लिया गया है. अनफिट पाई जाने वाली बसों को तुरंत सड़क से हटाया जाएगा. उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने सभी अधिकारियों को चेताया कि सड़क सुरक्षा केवल एक सरकारी खानापूर्ति नहीं है, बल्कि यह आम जनता की जिंदगी से जुड़ा बेहद संवेदनशील मामला है. काम में जरा सी भी शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की सीधे जवाबदेही तय कर उन पर विभागीय गाज गिरेगी.

Also Read: गुमला के 18 बालू घाटों की नीलामी प्रक्रिया पूरी, उपायुक्त की समीक्षा बैठक में कई अहम फैसले

विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola