Gumla: एमआई का लेखपाल राहुल प्रताप 20 हजार घूस लेते धराया, एसीबी की बड़ी कार्रवाई

Updated at : 14 Feb 2026 7:23 PM (IST)
विज्ञापन
Gumla News

कार्यालय के बाहर ठेकेदारों की भीड़

Gumla: एसीबी ने गुमला में बड़ी कार्रवाई करते हुए लघु सिंचाई विभाग के लेखपाल को 20000 रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक कार्यालय क्लर्क दीवार फांदकर फरार हो गया.

विज्ञापन

दुर्जय पासवान
Gumla: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की 20 सदस्यीय दो टीमों ने शनिवार को गुमला के लघु सिंचाई प्रमंडल में एक साथ छापेमारी की. इस दौरान प्रमंडल में कार्यरत लेखपाल राहुल प्रताप को 20 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया. एसीबी की टीम ने यह कार्रवाई कार्यालय परिसर स्थित उनके सरकारी आवास पर की. जहां वे एक ठेकेदार से रिश्वत की राशि ले रहे थे. जानकारी के अनुसार, गुमला शहर के कृष्णा छात्रावास में 25 लाख रुपये की लागत से हुए रंग-पुताई कार्य के भुगतान से संबंधित चेक जारी करने के एवज में राहुल प्रताप द्वारा रिश्वत की मांग की गयी थी. संबंधित योजना को संवेदक ने 34 प्रतिशत लेस पर लिया था. भुगतान में अनावश्यक विलंब और रिश्वत की मांग से परेशान ठेकेदार ने एसीबी से संपर्क कर लिखित शिकायत दर्ज करायी. शिकायत की सत्यता की पुष्टि के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथों धर दबोचा.

दीवार फांदकर भाग गया क्लर्क

एसीबी की दूसरी टीम ने इसी कार्यालय में कार्यरत क्लर्क विष्णुदेव सिंह को भी पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह टीम के पहुंचने की भनक लगते ही कार्यालय की दीवार फांदकर फरार हो गया. उनकी तलाश जारी है. बताया जा रहा है कि उनके खिलाफ भी शिकायत मिली थी, जिस पर जांच चल रही है. गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने मौके पर राहुल प्रताप से करीब दो घंटे तक गहन पूछताछ की. इसके बाद उसे लघु सिंचाई कार्यालय लाया गया. जहां संबंधित दस्तावेजों की लगभग दो घंटे तक बारीकी से जांच की गयी. एसीबी की टीम के कार्यालय पहुंचते ही परिसर में अफरातफरी मच गयी. कई कर्मचारी कार्यालय से बाहर निकल गये. जबकि कुछ कर्मी स्थिति को लेकर असहज दिखे. बड़ी संख्या में ठेकेदार भी परिसर में जमा हो गये. किसी ने एसीबी की कार्रवाई की सराहना की तो कुछ लोगों ने शिकायतकर्ता के कदम पर सवाल उठाये.

ट्रांसफर के बाद भी जमे हुए थे राहुल प्रताप

इस मामले में एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है कि राहुल प्रताप का स्थानांतरण 31 जुलाई 2025 को लोहरदगा कर दिया गया था. हालांकि, अब तक उन्हें कार्यमुक्त नहीं किया गया था. बताया जा रहा है कि कार्यपालक अभियंता द्वारा औपचारिक रूप से विरमित नहीं किये जाने के कारण वे अब भी गुमला कार्यालय से जुड़े कार्यों का निष्पादन कर रहे थे. इस लापरवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं. एसीबी के अधिकारियों ने संकेत दिया है कि मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी और यदि अन्य किसी की संलिप्तता पायी जाती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जायेगी. इस कार्रवाई के बाद लघु सिंचाई प्रमंडल में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है.

इसे भी पढ़ें: 

कागजों पर हो रहा धनबाद नगर निगम का ई-कचरा कलेक्शन, निस्तारण गंभीर चुनौती

देश की चुनिंदा शिव लिंगों में एक है ईचागढ़ का चतुर्मुखी शिव लिंग, लोगों की है अटूट आस्था

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola