पेट्रोल-डीजल के लिए लगी कतार, जाम में फंसा मंत्री का काफिला
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 18 May 2026 10:03 PM
पेट्रोल-डीजल के लिए लगी कतार, जाम में फंसा मंत्री का काफिला
गुमला. जिले में पेट्रोल व डीजल की किल्लत अब आमलोगों के साथ-साथ यातायात व्यवस्था पर भी भारी पड़ने लगी है. सोमवार को सिसई रोड स्थित पेट्रोल पंप पर ईंधन लेने के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गयी. हालात ऐसे हो गये कि पेट्रोल पंप से लेकर मुख्य सड़क तक बाइक, कार समेत अन्य वाहनों की लाइन लगी रही, जिससे घंटों सड़क जाम की स्थिति बनी रही. सुबह को यहां पेट्रोल और डीजल खत्म हो गया था. दोपहर में जैसे पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति हुई. लोग पंप पर जुटने लगे. धीरे-धीरे वाहनों की संख्या इतनी बढ़ गयी कि सड़क पर आवागमन लगभग ठप हो गया. जाम से राहगीरों, स्कूली बच्चों और दैनिक यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा. कई वाहन चालक घंटों तक सड़क पर फंसे रहे. स्थिति उस समय और चर्चा में आ गयी जब राज्य के कल्याण मंत्री चमरा लिंडा का काफिला भी इस जाम में फंस गया. मंत्री के निजी सुरक्षा गार्डों को सड़क पर उतर कर वाहनों को हटवाते और रास्ता साफ कराते देखा गया. काफी मशक्कत के बाद काफिला जाम से बाहर निकल सका. स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गुमला में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित है, जिससे पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ती जा रही है. लोगों में यह डर बना हुआ है कि कहीं ईंधन खत्म न हो जाये. इसलिए वाहन चालक पहले से ही टंकी फुल कराने पहुंच रहे हैं. यही वजह है कि शहर के कई पेट्रोल पंपों पर अव्यवस्था और जाम की स्थिति बन रही है. लोगों ने प्रशासन से मांग किया है कि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति जल्द सामान्य कराया जाये और पेट्रोल पंपों के आसपास यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










