नागरिक व प्रशासन मिल कर जिले का समग्र विकास करें: डीसी

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 18 May 2026 10:07 PM

विज्ञापन

विविध कार्यक्रमों के बीच मनाया गया गुमला जिले का स्थापना दिवस

विज्ञापन

गुमला. गुमला के 43वें स्थापना दिवस पर सोमवार को जिले में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. सुबह से लेकर देर शाम तक आयोजित कार्यक्रमों में प्रशासनिक सक्रियता, युवाओं का उत्साह और आमजनों की सहभागिता का सशक्त समन्वय देखने को मिला. कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह में रन फॉर गुमला से हुई. जिला प्रशासन ने आयोजित रन फॉर गुमला में जिला प्रशासन से उपायुक्त गुमला दिलेश्वर महतो समेत कई वरीय अधिकारियों व कर्मियों व युवक-युवतियों के साथ गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतिभागियों ने नगर भवन गुमला से शुरू करते हुए पटेल चौक, टावर चौक होते हुए पुनः नगर भवन तक की दौड़ लगायी. प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को उपायुक्त ने पुरस्कृत कर सम्मानित किया. इसके बाद गुमला शहर में विभिन्न स्थलों पर स्थापित महान विभूतियों डॉ भीमराव आंबेडकर, अल्बर्ट एक्का, वीर तेलंगा खड़िया, भगवान बिरसा मुंडा आदि की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण व श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदानों को स्मरण किया और जिला व जिलेवासियों के विकास का संकल्प लिया. मौके अपर समाहर्ता शशिंद्र कुमार बड़ाइक, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) राजीव नीरज, डीसीएलआर राजीव कुमार, जिला नजारत उप समाहर्ता ललन कुमार रजक, जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार, भूमि संरक्षण पदाधिकारी आशीष प्रताप, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप भगत, जिला योजना पदाधिकारी रमण कुमार समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे. समाहरणालय स्थित सभागार में कार्यक्रम में उपायुक्त ने आरसेटी से सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त 15 लाभुकों के बीच हिंडालको के सीएसआर मद से सिलाई मशीनों का वितरण किया गया. अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में फ्रेंडली फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया. इसके बाद संध्या में नगर भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को आकर्षित किया और पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया. मौके पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि गुमला जिला ने अपने स्थापना काल से अब तक निरंतर विकास की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है. खेल के क्षेत्र में जिले ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनायी है. अन्य क्षेत्रों में भी जिले के नागरिकों ने अपनी अलग पहचान स्थापित की है. उन्होंने कहा कि पूर्व में एक साधारण स्वरूप वाला यह जिला आज आधारभूत संरचना एवं विभिन्न विकासात्मक क्षेत्रों में आगे बढ़ चुका है. उपायुक्त ने जिलेवासियों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देते हुए आह्वान किया कि नागरिक व प्रशासन मिल कर गुमला के समग्र विकास व इसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बनाये रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola