रत्नेश्वरधाम में श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, हर-हर महादेव के जयकारे के साथ निकाली गयी भव्य शिव बारात

Updated at : 26 Feb 2025 11:22 PM (IST)
विज्ञापन
रत्नेश्वरधाम में श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, हर-हर महादेव के जयकारे के साथ निकाली गयी भव्य शिव बारात

जिले भर में महाशिवरात्रि को लेकर श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह, पूजा के लिए लगी रही भक्तों की कतार

विज्ञापन

जिलेभर मेंं बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना बुधवार को धूमधाम से संपन्न हो गयी. पूजा को लेकर जिले के विभिन्न शिवालयों में बाबा की पूजा-अर्चना के लिए सुबह से लोगों की भीड़ जुटी रही. जिला मुख्यालय के बाबा रत्नेश्वरधाम में हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा को जलाभिषेक किया. बाबा पर भांग, गांजा सहित अबीर-गुलाल लगाया. देर शाम बाबा रत्नेश्वरधाम परिसर से भव्य शिव बारात निकाली गयी, जिसने शहर के हटिया चौक, कारगिल चौक होते हुए विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया. शिव बारात की झांकी देखते ही बन रही थी. वहीं शहर के नगर थाना परिसर में भी बाबा की पूजा-अर्चना की गयी. देर शाम पुलिस बलों ने शिव बारात निकाली, जिसमें एसपी अनिमेष नथानी सपत्नीक बाराती के रूप में शामिल हुए. यहां एक दिन पहले से अष्टजाम का आयोजन किया गया था. पूजा पर पुलिस मेंस एसोसिएशन के मंत्री देवनाथ यादव सपत्नीक बैठे थे. पुजारी संजय कुमार झा द्वारा पूजा संपन्न करायी गयी. वहीं शहर के ठाकुरबाडी में भी बाबा भोलेनाथ की पूजा अर्चना की गयी. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर बाबा की पूजा-अर्चना की.

महादेव बथान शिव मंदिर परिसर से निकाली गयी कलश शोभा यात्रा

महाशिवरात्रि के अवसर पर महागामा में हर-हर महादेव के जयकारे के साथ भव्य शिव बारात निकाली गयी. इस दौरान महागामा के महादेव बथान शिव मंदिर परिसर से भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गयी, जिसमें 1151 कन्याएं शामिल हुईं. कलश शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं द्वारा लगाये गये हर-हर महादेव के जय घोष से माहौल भक्तिमय हो गया. वहीं महागामा बाजार में ब्रह्मकुमारी के अनुयायियों द्वारा कलश यात्रा निकाली गयी. कलश यात्रा में शामिल कन्याओं ने महागामा बसुवा चौक, दुर्गा मंदिर, ऊर्जा नगर का भ्रमण कर केचुआ नहर चौक स्थित शिव मंदिर में भगवान शिव को जलाभिषेक किया. कलश यात्रा में भगवान शिव, माता-पार्वती का वेश धारण किये हुए कलाकार साथ चल रहे थे. महाशिवरात्रि को लेकर सुबह से ही महागामा रामेश्वरनाथ महादेव मंदिर, ऊर्जानगर, नयानगर, लहठी, महादेव बथान, बेलटिकरी सहित सभी शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना करने को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. शिवरात्रि के पावन अवसर पर महिलाओं व युवतियों ने उपवास रहकर फल, फूल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा सहित अन्य पूजन सामग्री चढ़ाकर देवों के देव महादेव की पूजा-अर्चना किया. शाम में शिव मंदिर प्रांगण से भव्य शिव बारात निकाली गयी. शिव बारात में बच्चों ने भगवान शिव-पार्वती, देवी-देवताओं सहित भूत-प्रेत का वेश धारण किए हुए थे. इस दौरान बारात में शामिल शिव भक्त भक्ति गीतों के धुन पर जमकर थिरके. शिव बारातियों का श्रद्धालुओं ने रास्ते में पुष्प वर्षा कर स्वागत किया. रात्रि में मंदिर के गर्भ गृह में भगवान शिव और माता पार्वती का विधि-विधान के साथ विवाह आयोजित किया गया. शिव विवाह के दौरान मंदिर परिसर में महिलाओं द्वारा गाये गये पारंपरिक विवाह मंगल गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा. इस दौरान शिव भक्तों के लिए महाप्रसाद और भंडारा का आयोजन किया गया था.ओम नम: शिवाय की गूंज से मौहाल हुआ भक्तिमय

पोड़ैयाहाटप्रखंड क्षेत्र में शिवभक्तों ने हर्षोल्लास के साथ शिवालयों में जलाभिषेक किया और अपनी इच्छापूर्ति की कामना की. गुडमेश्वर धाम शिवमंदिर में सुबह छह बजे से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे. इस दौरान शिवभक्तों ने दूध, बेलपत्र, भांग आदि से महादेव का अभिषेक किया. हर-हर महादेव व ओम नम: शिवाय की गूंज से दिनभर क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा. सिंघेश्वर नाथ मंदिर में अगले सुबह से ही काफी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ रही.

……………………………….24 घंटे अखंड संकीर्तन का आयोजन

ललमटियामहागामा थाना के सामने स्थित शिवालय में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा. मौके पर 24 घंटे के अखंड संकीर्तन का आयोजन किया गया था. मंदिर को रंग-बिरंगें रोशनी और फूलों से सजाया गया था. भक्तों के लिए महा प्रसाद भंडारा का आयोजन भी किया गया था. शिव मंदिर के यजमान अनंत लाल यादव ने विशेष पूजा करायी, जबकि पंडित कौशलेश झा ने मंत्रोच्चारण के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया. कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिव मंदिर कमेटी के श्रीनाथ सिंह, निलेश सिंह, प्रदीप सिंह, हेमंत ब्रह्म, संतोष ठाकुर, छोटू यादव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

बारातियों में भूत-प्रेत के रूप में शामिल हुए बाल कलाकार

बसंतराय प्रखंड मुख्यालय स्थित शिव मंदिर से भी धूमधाम से भगवान शिव की बारात निकाली गयी. बाराती में भूत प्रेत के रूप में कई बाल कलाकारों ने भाग लिया और दर्शकों का मन मोह लिया. इसके पूर्व शिव मंदिर में वैदिक रूप से पूजा-अर्चना की गयी. तत्पश्चात गाजे-बाजे के साथ बरात निकाली गयी. बारात सांखी मोड़ तक गया और वापस शिव मंदिर प्रांगण पहुंचा, जहां आम भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया. मौके पर अध्यक्ष संजय खेतान, लोकनाथ गुप्ता, सिताराम खेतान, राधेश्याम लुहारुका, अन्नू खेतान मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola