दुर्गा पूजा को लेकर बाजारों व मंदिरों में भीड़, पुलिस नदारद
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 28 Sep 2025 11:28 PM
डीसी-एसपी के निर्देश के बावजूद नहीं दिखी पुलिस की सक्रियता
दुर्गा पूजा के अवसर पर गोड्डा शहर के बाजारों में खरीदारी को लेकर भारी भीड़ उमड़ रही है. कपड़े, गहनों और अन्य पूजा सामग्री की दुकानों पर पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति देखी जा रही है, लेकिन बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था नदारद है. डीसी अंजली यादव और एसपी मुकेश कुमार द्वारा दिए गये स्पष्ट निर्देशों के बावजूद बाजारों में पुलिस की गश्त नहीं दिखाई दी. न ही वर्दीधारी जवान नजर आये और न ही सादी वर्दी में तैनात सुरक्षाकर्मी. सबसे बड़ी चूक यह रही कि महिला पुलिस कर्मियों की उपस्थिति पूरी तरह से गायब रही, जिससे खरीदारी के लिए आयी महिलाओं में असुरक्षा की भावना देखी गयी. नगर के न्यू मार्केट, गांधी नगर, गंगटा चौक, स्टेशन रोड व अन्य प्रमुख इलाकों में रविवार को भारी भीड़ उमड़ी, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम न के बराबर रहे. केवल कारगिल चौक पर यातायात पुलिस के चार जवान जाम हटाने में जुटे नजर आये. गौरतलब है कि हाल ही में बाइक सवार बदमाशों द्वारा महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनने की कई घटनाएं हुई थीं, जिनमें से अधिकांश वारदात बाजार क्षेत्र में हुई थीं. इसके बावजूद पुलिस की सतर्कता में कमी चिंताजनक है. जागरूक नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रिय तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि लोग निडर होकर पूजा की तैयारियों में जुट सकें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










