ठाकुरगंगटी में फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज, फाइनल मुकाबला रविवार को
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 19 Sep 2025 11:29 PM
सिंघाईचक पोखरिया के ऐतिहासिक मैदान में 16 टीमों ने लिया भाग
ठाकुरगंगटी प्रखंड अंतर्गत मानिकपुर पंचायत के सिंघाईचक पोखरिया स्थित खेल मैदान में विश्वकर्मा पूजा के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता का आयोजन टीएससी पोखरिया की ओर से किया गया, जिसमें कुल 16 टीमों ने भाग लिया. टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर पंचायत के युवा मुखिया इग्नासियस मुर्मू, पंसस सुषमा मरांडी, चपरी पंचायत के मुखिया पति प्रफुल्ल कुमार महतो, दीपक मुर्मू और पंकज कुमार महतो ने दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. मुखिया इग्नासियस मुर्मू ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने की अपील की. प्रतियोगिता के पहले दिन आधे-आधे घंटे के मुकाबले खेले गए, जिसमें मोहम्मद खुटहरी ने हेंब्रम ब्रदर्स, तारखेरवा को 1-0 से हराया. वहीं हरियाला ने गोड्डा को 1-0 से मात दी. मंडी बाजार, मंडरो ने प्यालापुर को पेनाल्टी शूटआउट में हराया. ठाकुरगंगटी ने मोपहाड़ी को पेनाल्टी शूट से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. कमेटी के अध्यक्ष दीपक कुमार ने जानकारी दिया कि यह टूर्नामेंट हर वर्ष आयोजित किया जाता है, जिसमें दूर-दराज से टीमें भाग लेने आती हैं. खिलाड़ियों के रहने व खाने की व्यवस्था कमेटी द्वारा की जाती है. उन्होंने बताया कि रविवार को फाइनल मुकाबला इसी मैदान में खेला जाएगा. इस अवसर पर बच्चों के लिए भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा और उन्हें पुरस्कार दिये जाएंगे. आयोजन के दौरान निर्णायक की भूमिका में जगवैदु दास एवं मुन्ना सिंह उपस्थित रहे. पूरा मैदान दर्शकों से भरा रहा और ग्रामीणों ने खेल का भरपूर आनंद उठाया. कार्यक्रम सफलतापूर्वक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










