दो ट्रैक्टर जलाने की घटना का उद्भेदन, तीन गिरफ्तार
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 30 Jan 2025 9:23 PM
दो ट्रैक्टर जलाने की घटना का उद्भेदन, तीन गिरफ्तार
रंका. रंका थाना क्षेत्र के दुधवल पंचायत के बाहोकुदर जंगल में अनहर मोड़ के पास 27 जनवरी की रात बालू लदे दो ट्रैक्टर को जला दिया गया था. इस घटना के 48 घंटे बाद पुलिस ने इस मामले का उद्भेदन कर लिया है. इस घटना में शामिल एक पूर्व माओवादी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त दो बाइक व एक मोबाइल फोन बरामद किया है. पुलिस निरीक्षक सुभाष कुमार पासवान ने प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि 27 जनवरी की रात की घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गयी. टीम में एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह के अलावा थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी, एसआइ प्रभात कुमार, एएसआइ राजेश कुमार झा, विनय कुमार पांडेय व पुलिस के जवान शामिल थे. गठित टीम में शामिल लोगों ने पहले ट्रैक्टर चालक के लिखित आवेदन पर दर्ज प्राथमिकी में अपाचे बाइक (जेएच 03 एके 9689) नंबर के आधार पर सबसे पहले बाइक मालिक बिरेंद्र सिंह उर्फ राहुल सिंह (बाहोकुदर) को गिरफ्तार किया. इनकी निशानदेही पर इस कांड में संलिप्त अन्य बसंत सिंह उर्फ सावना सिंह (बाराडीह) व रामलाल सिंह (बाहोकुदर) को गिरफ्तार किया गया. सावना सिंह पूर्व में माओवादी था : पुलिस निरीक्षक ने बताया कि बसंत सिंह उर्फ सावना सिंह पूर्व में माओवादी रहा है. उस पर रंका व गढ़वा थाना में कई मामले दर्ज हैं. पुलिस निरीक्षक ने कहा कि तीनों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. उन्होंने बताया कि उक्त तीनों चिनिया से शराब पीकर देर रात घर लौट रहे थे. उसी क्रम में बाहोकुदर जंगल में अनहर मोड़ के पास कनहर नदी से अवैध बालू उठाव कर लौट रहे दो ट्रैक्टर को रोका और ट्रैक्टर चालक व मजदूरों के साथ मारपीट कर नीचे उतार दिया. इसके बाद बाइक से पेट्रोल निकालकर दोनों ट्रैक्टर में आग लगा दी. इसके बाद तीनों फरार हो गये. गांव से ट्रैक्टर न गुजरे, इसलिए लगायी आग : पुलिस निरीक्षक ने कहा कि कनहर नदी से बालू का अवैध उठाव कर ट्रैक्टर गांव से न गुजरें, इसलिए ट्रैक्टर में आग लगा दी. मौके पर थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी, एसआइ प्रभात कुमार, एएसआइ राजेश कुमार झा व विनय कुमार पांडेय उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










