East Singhbhum: यूसिल प्रबंधन के खिलाफ जादूगोड़ा के विस्थापितों का आक्रोश, एक घंटे तक काम ठप

ग्रामीणों को समझातक यूसिल अधिकारी महेश साहू
East Singhbhum: यूसिल प्रबंधन के खिलाफ विस्थापितों का गुस्सा फूटा है. ग्रामीणों ने नौकरी और मुआवजे की मांग को लेकर करीब एक घंटे तक काम ठप कर दिया. प्रबंधन ने एक अप्रैल को बैठक का आश्वासन दिया है. पूरी खबर नीचे पढ़ें...
रंजन
East Singhbhum (जादूगोड़ा): जादूगोड़ा और आसपास के टेलिंग पोंड क्षेत्र के विस्थापितों का आक्रोश एक बार फिर फूटा है. यूसिल प्रबंधन द्वारा वार्ता में सक्षम पदाधिकारी की अनुपस्थिति और बार-बार वादाखिलाफी से नाराज टेलिंग पोंड विस्थापित समिति एवं जोआर संगठन के सदस्यों ने 25 मार्च को प्रस्तावित बैठक का बहिष्कार कर दिया था. इसके विरोध में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे से 10 बजे तक विस्थापितों ने टेलिंग पोंड की पाइपलाइन खोल दी, जिससे करीब एक घंटे तक कार्य पूरी तरह ठप रहा और मिल मे भी कार्य बाधित रहा. इस घटना से यूसिल प्रबंधन में हड़कंप मच गया.
1 अप्रैल को होगी बैठक
सूचना मिलने पर यूसिल अधिकारी महेश साहू मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विस्थापित अपने मांगों पर अडिग रहे. बाद में महेश साहू द्वारा लिखित आश्वासन दिया गया कि 1 अप्रैल को यूसिल के नये भवन में त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित होगी, जिसमें पोटका के अंचलाधिकारी (CO) के नेतृत्व में बातचीत होगी. आश्वासन मिलने के बाद विस्थापितों ने आंदोलन स्थगित कर दिया और पाइपलाइन का कार्य पुनः शुरू हो सका.
9 मार्च को भी विस्थापितों ने किया था प्रदर्शन
विस्थापित नेता घनश्याम विरुली ने चेतावनी दी कि यदि 1 अप्रैल की वार्ता में ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल होकर यूसिल के कार्य को पूरी तरह ठप कर देंगे और रियर गेट सहित अन्य गतिविधियों को भी बाधित किया जाएगा. इससे पहले 9 मार्च को भी विस्थापितों ने 12 घंटे तक यूसिल के रियर गेट को जाम किया था. उस समय प्रबंधन ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया था, लेकिन 25 मार्च की बैठक में न तो सक्षम अधिकारी मौजूद थे और न ही जिला प्रशासन के प्रतिनिधि, जिससे नाराज होकर विस्थापितों ने बहिष्कार कर दिया.
काफी संख्या में ग्रामीण थे मौजूद
विस्थापितों की प्रमुख मांगों में बिना अधिग्रहण डूबाई गई जमीन का मुआवजा और नौकरी, सूचीबद्ध विस्थापितों की बहाली, मृत कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी, चाटीकोचा स्थित सारना स्थल की सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण, खराब चापाकलों की मरम्मत तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार शामिल है. इसके अलावा विस्थापितों का आरोप है कि टेलिंग पोंड के दूषित पानी से धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंच रहा है और क्षेत्र में रेडिएशन युक्त धूल से स्वास्थ्य पर खतरा बना हुआ है. आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.
ये भी पढ़ें…
Ramgarh: महाअष्टमी जुलूस में जय श्री राम के नारों से गूंजा पतरातू, निकाला गया विशाल जुलूस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




