Chaibasa: रामनवमी से पहले नोवामुंडी में पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, शांति भंग करने वालों को सख्त चेतावनी

Updated at : 26 Mar 2026 7:13 PM (IST)
विज्ञापन
फ्लैग मार्च करती पुलिस

फ्लैग मार्च करती पुलिस

Chaibasa (नोवामुंडी): नोवामुंडी में रामनवमी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. एक दिन पर पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला और लोगों से शांतिपूर्वक ढंग से रामनवमी मनाने की अपील की. शुक्रवार को भव्य जुलूस निकाला जाएगा. पूरी रिपोर्ट नीचे पढ़ें...

विज्ञापन

सुबोध मिश्रा
Chaibasa (नोवामुंडी): रामनवमी को लेकर नोवामुंडी में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया. शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को थाना क्षेत्र में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला, जिससे आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा देखने को मिला. थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह और बड़ा जामदा ओपी प्रभारी बालेश्वर उरांव के नेतृत्व में सशस्त्र बलों के साथ यह फ्लैग मार्च नोवामुंडी थाना से शुरू होकर रेलवे फाटक, सब्जी बाजार, स्टेशन रोड, डीबीसी चौक होते हुए बाली झरण कैंप से डीपीएस तक पहुंचा. पूरे मार्ग में सायरन बजाती पुलिस गाड़ियां और मुस्तैद जवान प्रशासन की तैयारी का स्पष्ट संकेत दे रहे थे.

पुलिस की आम लोगों से अपील

फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने साफ संदेश दिया कि रामनवमी का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ ही मनाया जाए. किसी भी प्रकार की हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. थाना प्रभारी ने कहा कि नोवामुंडी के लोग हमेशा से शांतिप्रिय रहे हैं और यहां सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर हर पर्व मनाते हैं, जो इस क्षेत्र की पहचान है. मौके पर सब इंस्पेक्टर अभिनय कुमार, सुशील सिंह, चंद्र राय सोरेन, विनोद कुमार सिंह समेत झारखंड सशस्त्र वाहिनी और जिला पुलिस बल के कई जवान मौजूद थे, जिन्होंने पूरे मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा.

पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और इस पावन पर्व को शांति और भाईचारे के साथ मनाने में सहयोग करें.

बड़ा जामदा में भी पुलिस का फ्लैग मार्च

बड़ा जामदा ओपी प्रभारी बालेश्वर उरांव और नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को बड़ा जामदा से फ्लैग मार्च निकाला गया. यह फ्लेग मार्च बड़ा जामदा बाजार से शुरू होकर बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन होते हुए क्षेत्र के सभी संवेदनशील स्थलों तक गया. फ्लैग मार्च में काफी संख्या में जिला पुलिस के जवान और झारखंड सशस्त्र वाहिनी के जवान भी शामिल थे. ओपी प्रभारी ने साफ संदेश दिया कि रामनवमी का जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से निकालना है और किसी भी तरह का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस ने सोशल मीडिया में अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी.

फ्लैग मार्च करती पुलिस

रामनवमी की भव्य तैयारी, ओवरब्रिज से मंदिरों तक भगवा झंडा

नोवामुंडी इस समय भक्ति और उल्लास के समुद्र में डूबा हुआ है. रामनवमी के पावन अवसर पर पूरा शहर, बाजार, मंदिर परिसर और ओवरब्रिज भगवा झंडों से पटा पड़ा है. हर ओर लहराते झंडे, गगन में झूलते भगवा पताकाओं की चमक और मंदिरों की रौनक आस्था का अनोखा दृश्य प्रस्तुत कर रही है. हनुमान मंदिर और मां मनसा मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया है. मंदिरों के प्रांगण में फूलों की खुशबू और दिव्य सजावट के बीच भक्तजन हर कोने में जय श्रीराम के नारे लगाते नजर आ रहे हैं. मंदिर की घंटियों की मधुर ध्वनि और भजन-कीर्तन का संगीत पूरे माहौल को भक्तिभाव से भर रहा है.

शुक्रवार को निकलेगा भव्य जुलूस

शुक्रवार दोपहर में भव्य रामनवमी जुलूस बाजे-गाजे के साथ निकलेगा. इस जुलूस में आकर्षक झांकियां होंगी. जुलूस बाजार से शुरू होकर बोकारो साइडिंग बाजार चौक, डीवीसी मंदिर, डीबीसी मंदिर, नोवामुंडी थाना और फिर पुनः बाजार हनुमान मंदिर तक जाएगा. इसके बाद गोरखटिंग पूजा कमेटी द्वारा बेमिसाल जुलूस निकाला जाएगा. यह भव्य जुलूस सेंटर कैंप फ्लैट, बाली झरण सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगा. डीपीएस में भी रामनवमी के अवसर पर विशेष जुलूस की तैयारी पूरी कर ली गई है. मां मनसा मंदिर से भी गाजे-बाजे के साथ भव्य जुलूस निकलेगा.

झंडे की खरीदारी करते लोग

पूजा दुकानों पर लोगों की भीड़

नोवामुंडी के बाजार में भी उत्सव की रौनक देखने को मिल रही है. पूजन सामग्री की दुकानों पर भक्तों की भीड़ उमड़ रही है और हनुमत ध्वज खरीदने वालों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं. 20 से 2000 रुपये तक के भगवा झंडे बाजार में बिक रहे हैं.

ये भी पढ़ें…

साहिबगंज के बाद धनबाद कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, प्रशासन में हड़कंप

रामनवमी के जुलूस के दौरान रांची में नहीं कटेगी बिजली, इन हेल्पलाइन नंबरों पर कर सकते हैं फोन

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola