सरकार का संबंध अपराधियों-उग्रवादियों से, सीबीआइ जांच हो
दुमका : झारखंड विकास मोरचा के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि राज्य सरकार का संबंध अपराधियों-उग्रवादियों से है. लिहाजा इस सरकार से जनता की सुरक्षा की उम्मीद नहीं की जा सकती. दर्जनों उग्रवादी संगठन राज्य में पैठ जमा चुके हैं. सभी 24 जिले आज इससे प्रभावित हैं. रोज हत्या, […]
दुमका : झारखंड विकास मोरचा के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि राज्य सरकार का संबंध अपराधियों-उग्रवादियों से है. लिहाजा इस सरकार से जनता की सुरक्षा की उम्मीद नहीं की जा सकती. दर्जनों उग्रवादी संगठन राज्य में पैठ जमा चुके हैं. सभी 24 जिले आज इससे प्रभावित हैं.
रोज हत्या, चोरी, अपहरण व डकैती जैसी वारदातें हो रही है. जिस तरीके से मंत्री जयप्रकाश भाई पटेल के सुरक्षागार्ड के हथियारों की चोरी हुई, उसकी गहनता से जांच होनी चाहिए, ताकि यह पता चल सके कि किन तक पहुंचाने के लिए हथियारों की चोरी करायी गयी थी.
उन्होंने कहा कि मामले की सीबीआइ जांच होनी चाहिए. दुमका में मीडिया से बातचीत में श्री मरांडी ने कहा कि हथियार चोरी का यह मामला गंभीर है. जब तक मामले में मंत्री को बरखास्त नहीं किया जाता, तबतक निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती
स्थानीय नीति पर सरकार चुप
स्थानीयता नीति को लेकर श्री मरांडी ने कहा कि पिछली सरकार इसी मुद्दे पर गिरी थी. कांग्रेस, झामुमो व राजद ने जो सरकार बनायी है, उस सरकार के बने यह पांचवां माह गुजर रहा है. सरकार इस मुद्दे पर एक कदम आगे नहीं बढ़ी है.
इन तीनों दलों को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उहापोह की स्थिति क्यों है. सरकार को स्थानीयता की नीति लागू करनी चाहिए. श्री मरांडी ने कहा: जब हमारी सरकार थी, तब प्रस्ताव लेकर हमने सर्वदलीय बैठक बुलायी थी और सबों की राय पर बिहार की स्थानीयता नीति को अंगीकार किया था.
आज जिनकी सरकार है, उसे चरचा व बहस कर स्थानीयता नीति बनानी चाहिए. अगर इस मुद्दे पर वह सर्वदलीय बैठक नहीं बुलाना चाहते, तो सत्तारुढ दल के रुप में वे खुद ही नीति तय करे.
श्री मरांडी ने कहा कि स्थापना दिवस पखवाड़ा के नाम पर पंद्रह दिनों तक सरकार के मंत्री पिकनिक करते रहे. जनता के फायदे के लिए यह सरकार नहीं बनी है. सरकार बनी है तो केवल मंत्रियों के व्यक्तिगत लाभ के लिए. उन्होंने फिर दुहराया और कहा कि जेवीएम सभी 14 लोकसभा सीटों पर तथा आनेवाले विधानसभा चुनाव में सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.
इसके लिए पार्टी संगठनात्मक कार्यक्रमों के साथ-साथ जनसम्मेलन व सभायें भी कर रही है. मौके पर केंद्रीय समिति सदस्य पिंटू अग्रवाल, जिलाध्यक्ष रमेश मुमरू, महासचिव धर्मेद्र सिंह, विवेकानंद राय, चंद्रमोहन हांसदा, मार्था हांसदा आदि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










