Dhanbad News : देर रात तक चला राइजिंग पाइपलाइन की लीकेज की मरम्मत का काम, आज भी जलापूर्ति रहेगी प्रभावित

Published by : NARENDRA KUMAR SINGH Updated At : 11 Apr 2025 1:26 AM

विज्ञापन

मैथन-धनबाद शहरी जलापूर्ति योजना : शुक्रवार की सुबह शुरू होगा मैथन स्थित इंटकवेल का मोटर, शाम तक रॉ वाटर पहुंचने की उम्मीद

विज्ञापन

मैथन-धनबाद शहरी जलापूर्ति योजना अंतर्गत शहर में होने वाली जलापूर्ति से जुड़ी राइजिंग पाइपलाइन में लीकेज की मरम्मत का काम गुरुवार की देर रात तक जारी रहा. मैथन से धनबाद के भेलाटांड़ तक पहुंचने वाले रॉ वाटर को रोकने के लिए एजेंसी मेसर्स अभय कुमार सिन्हा की ओर से शटडाउन लेकर राइजिंग पाइपलाइन में लीकेज की मरम्मत की गयी. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों ने देर रात तक मेंटेनेंस कार्य पूरा करने का दावा किया है. अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार की सुबह मैथन स्थित इंटकवेल का मोटर चलेगा. वहीं शाम तक धनबाद के भेलाटांड़ स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक पानी पहुंचने की संभावना है. ऐसे में शुक्रवार को भी शहर की जलापूर्ति प्रभावित रहेगी. पेयजल विभाग के अधिकारियों ने शहरी क्षेत्र के 19 जलमीनारों में कुछ से आंशिक जलापूर्ति होने की संभावना जतायी है. बता दें कि मैथन-धनबाद जलापूर्ति योजना के तहत शहर के 19 जलमीनार से पेयजल सप्लाई की व्यवस्था है. इन जलमीनारों से पांच लाख से ज्यादा की आबादी की प्यास बुझती है. जलापूर्ति ठप होने से गुरुवार को पांच लाख से ज्यादा की आबादी पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस गयी.

राइजिंग पाइपलाइन से धनबाद तक पहुंचता हैं पानी

बता दें कि धनबाद शहरी क्षेत्र में मैथन डैम का पानी राइजिंग पाइपलाइन के जरिए पहुंचता है. मैथन से धनबाद के बीच राइजिंग पाइपलाइन में 200 से ज्यादा जगहों पर लीकेज थी. शटडाउन के दौरान उसे दुरुस्त किया गया. वहीं जगह-जगह पुराने व क्षतिग्रस्त वॉल्व समेत अन्य उपकरणों को बदलने के साथ अवैध कनेक्शन को बंद किया गया.

इन जलमीनारों से ठप रही जलापूर्ति

गोल्फ ग्राउंड, पुराना बाजार, मटकुरिया, मनईटांड़, बरमसिया, वासेपुर, हीरापुर, स्टील गेट, एसएनएमएमसीएच, धनसार, मेमको, भूली, पॉलिटेक्निक, पुलिस लाइन, वासेपुर, चीरागोड़ा, हिल कॉलोनी, जोड़ाफाटक व भूदा.

टैंकर व बोतल बंद पानी मंगवाकर लोगों ने चलाया काम

सप्लाई का पानी नहीं आने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा. सुबह से शाम तक लोग पानी आने का इंतजार करते रहे. वहीं घर का जरूरी काम करने के लिए लोगों को टैंकर व बोतल बंद पानी मंगवाना पड़ा. शहर की बड़ी आबादी को प्यास बुझाने के लिए चापानलों का सहारा लेना पड़ा. शुक्रवार को भी जलापूर्ति प्रभावित रहेगी. ऐसे में लोगों को शुक्रवार को भी पेयजल संकट का सामना करना पड़ेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
NARENDRA KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By NARENDRA KUMAR SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola