Dhanbad News: फर्जी यूपीआइ रसीद बना पाटलीपुत्र नर्सिंग होम में 51.23 लाख का गबन

Published by : ASHOK KUMAR Updated At : 26 Feb 2026 2:16 AM

विज्ञापन

चिकित्सक ने नर्सिंग होम के पांच कर्मचारियों पर लगाया आरोप, प्राथमिकी दर्ज

विज्ञापन

बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के जोड़ाफाटक रोड स्थित पाटलीपुत्र नर्सिंग होम में फर्जी यूपीआइ रसीद बनाकर 51,23,105 रुपये के गबन का मामला सामने आया है. इस संबंध में नर्सिंग होम के साझेदार व चिकित्सक डॉ निखिल कुमार ड्रोलिया ने अपने कर्मचारी बरवाअड्डा नगरकियारी निवासी उत्पल कुमार मंडल, सरायढेला मुरली नगर निवासी जयदीप घोष, वासेपुर करीमगंज निवासी मो. नासीर, झरिया कोइरीबांध निवासी आदित्य कुमार साव व पश्चिम बंगाल के बर्धमान निवासी सुमित कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है.

ऑडिट में हुआ खुलासा

डॉ निखिल कुमार ड्रोलिया ने पुलिस को दिये शिकायत में बताया कि एक अप्रैल 2024 से 05 मई 2025 की अवधि के खातों का ऑडिट सितंबर 2025 में शुरू हुआ. इस दौरान आय-व्यय में अनियमितता व राशि की कमी पायी गयी. उन्होंने आरोप लगाया कि हर माह के मिलान में पता चला कि फ्रंट डेस्क पर नियुक्त कुछ कर्मचारी नकद प्राप्ति में से आंशिक राशि का फर्जी यूपीआइ भुगतान दिखाकर डेली शीट में एंट्री करते थे और जाली पावती संलग्न कर रकम का गबन करते थे.

इनमें उत्पल कुमार मंडल पर 2,14,090 रुपये, जयदीप घोष पर 17,00,202 रुपये, मो. नासिर 3,24,515 रुपये, आदित्य कुमार साव पर 27,08,240 रुपये व सुमित कुमार पर 1,76,058 रुपये गबन का आरोप है. शिकायत में यह भी कहा गया है कि सुमित कुमार डेटा हैंडलिंग का काम देखता था और सभी ने मिलकर डेटा को कथित रूप से करप्ट कर दिया, ताकि गबन का पता न चल सके. कुल मिलाकर 01.04.2024 से 05.05.2025 तक 51,23,105 रुपये के गबन का आरोप है. कुछ खातों की जांच अभी शेष है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन
ASHOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola