भाजपा विधायक ढुलू और पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय पर यौन शोषण की प्राथमिकी
Updated at : 07 Oct 2019 5:00 AM (IST)
विज्ञापन

धनबाद : बाघमारा से भाजपा विधायक ढुलू महतो और गिरिडीह के पूर्व सांसद रवींद्र कुमार पांडेय समेत पांच लोगों पर कतरास थाना में यौन शोषण की दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पांच अक्तूबर को दर्ज एफआइआर दो महिलाओं की शिकायत पर की गयी है. पहली प्राथमिकी भाजपा नेत्री की शिकायत पर दर्ज की […]
विज्ञापन
धनबाद : बाघमारा से भाजपा विधायक ढुलू महतो और गिरिडीह के पूर्व सांसद रवींद्र कुमार पांडेय समेत पांच लोगों पर कतरास थाना में यौन शोषण की दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पांच अक्तूबर को दर्ज एफआइआर दो महिलाओं की शिकायत पर की गयी है. पहली प्राथमिकी भाजपा नेत्री की शिकायत पर दर्ज की गयी है, जिसमें ढुलू महतो के साथ आनंद शर्मा को आरोपी बनाया गया है.
वहीं दूसरी एफआइआर में रवींद्र पांडेय के अलावा विनय सिंह और राजीव कुमार आरोपी बनाये गये हैं. इन पर भी यौन शोषण का आरोप है. बाघमारा की रहनेवाली भाजपा नेत्री ने 28 नवंबर, 2018 को कतरास थाना में ऑनलाइन शिकायत की थी. प्राथमिकी दर्ज नहीं किये जाने पर वह हाइकोर्ट चली गयी थी.
28 अगस्त को याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने नौ माह बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं होने पर आश्चर्य व्यक्त किया था और मामले में राज्य सरकार, डीजीपी और धनबाद के एसएसपी से जवाब-तलब किया था.
एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि विधायक ढुलू महतो और पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय पर यौन शोषण की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. डीजीपी कमल नयन चौबे भी मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होने पर धनबाद के वरीय पुलिस अधिकारियों पर नाराजगी जता चुके हैं.
प्राथमिकी नहीं होने पर हाइकोर्ट ने सरकार, डीजीपी व धनबाद एसएसपी से किया था जवाब-तलब
क्या है ढुलू महतो पर आरोप
धनबाद जिला भाजपा की नेत्री ने विधायक ढुलू महतो पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश का आरोप लगाया था. यह शिकायत 28 नवंबर, 2018 को ऑनलाइन की गयी थी. भाजपा नेत्री का कहना था कि ढुलू महतो ने उसे मानसिक प्रताड़ना भी दी. संबंध नहीं बनाने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गयी थी.
पीड़िता की ओर से अधिवक्ता राजीव कुमार ने अदालत को बताया था कि एसएसपी से शिकायत के बाद भी ढुलू महतो पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी. भाजपा नेत्री ने विधायक के खिलाफ कई जगह शिकायत की. एसएसपी, उपायुक्त और डीजीपी तक गयी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई. पीड़िता का कहना था कि शिकायत का दायरा बढ़ने के साथ उसे परेशान करने की कोशिश तेज होती गयी.
ढुलू पर आरोप लगने के बाद रवींद्र की हुई थी शिकायत
भाजपा नेत्री द्वारा ढुलू महतो पर यौन शोषण का आरोप लगाये जाने के बाद गिरिडीह के तत्कालीन सांसद रवींद्र पांडेय पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाये थे. इस पर ढुलू महतो का कहना था कि रवींद्र पांडेय ने उन्हें जान-बूझ कर फंसाया है. वहीं श्री पांडेय ने ढुलू महतो पर भी ऐसा ही आरोप लगाया था. बीते 11 महीनों से यह मामला रह-रह कर जोर पकड़ता रहा है.
रवींद्र पांडेय पर क्या है आरोप
24 नवंबर, 2018 को तत्कालीन गिरिडीह सांसद रवींद्र कुमार पांडेय के खिलाफ एक महिला ने शारीरिक शोषण करने के प्रयास का आरोप लगाते हुए कतरास थाने में लिखित शिकायत की थी. इसमें श्री पांडेय के अलावा कतरास के पूर्व मंडल अध्यक्ष विनय सिंह व राजीव कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाये गये थे.
पीड़ित महिला कतरास थाना क्षेत्र की रहनेवाली है. महिला का कहना था कि उसकी एक सहेली के पति राजीव कुमार ने बताया था कि गिरिडीह सांसद से उसके अच्छे संबंध हैं. किसी प्रकार की परेशानी या कोई काम हो तो वह करवा देगा. 23 नवंबर की सुबह आठ बजे राजीव कुमार उसे अपने साथ लेकर विनय सिंह के आवास पर गये, जहां विनय के अलावा रवींद्र कुमार पांडेय भी मौजूद थे.
वह रूम में गयी तो विनय और राजीव कमरे से बाहर चले गये. इसके बाद रवींद्र पांडेय उसके पास आये और गलत हरकत करते हुए शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास करने लगे. शोर मचाने और पार्टी से शिकायत करने की बात कहने पर श्री पांडेय ने उसे छोड़ा. विनय सिंह और राजीव कुमार उसके पास आकर समझाने लगे कि सांसद की बात मान लो.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




