APCR की फैक्ट फाइंडिंग टीम पहुंची बड़गांव, परिजनो से की मुलाकात
पीड़ित परिवार से मिलते टीम के पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
चतरा के बड़गांव में मॉब लिंचिंग मामले की जांच के लिए एपीसीआर की फैक्ट फाइंडिंग टीम पहुंची। परिजनों से मुलाकात कर न्याय और मुआवजे की मांग की।
चतरा: एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स (एपीसीआर) की राज्य स्तरीय फैक्ट फाइंडिंग टीम टंडवा प्रखंड के बड़गांव पहुंची. इस दौरान चार अगस्त को हुई नाबालिक के दुष्कर्म के आरोप में मॉब लिंचिंग की घटना के शिकार इमरोज अंसारी के परिजनो से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली.
वायरल वीडियो में पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
टीम ने पीड़ित परिवार से घटना के क्रम, पुलिस की मौजूदगी में मॉब लिंचिंग व अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली. परिजनो ने बताया कि घटना के बाद 56 नामजद सहित 150 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. टीम के पदाधिकारियों ने बताया कि घटना से संबंधित वायरल वीडियो में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों द्वारा पिता-पुत्र को उग्र भीड़ से बचाने के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किये जाने का आरोप सामने आया है.
मॉब लिंचिंग मामले में चार पुलिसकर्मी निलंबित
हालांकि मामले में एसपी ने दो दारोगा व दो जवान को सस्पेंड किया है. अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार जेल भेजा चुका है. इसके बाद एपीसीआर टीम ने टंडवा थाना पहुंच कर मामले की जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन थाना प्रभारी को नहीं रहने पर दूरभाष पर संपर्क कर जानकारी ली. साथ ही मुख्य अभियुक्त सहित अन्य को गिरफ्तार करने की मांग की.
मॉब लिंचिंग पर सख्त कानून बनाने की मांग
एपीसीआर ने पीड़ित परिवार को हर संभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की बात कही. साथ ही राज्य सरकार से मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर सख्त कानून बनाने व मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की. टीम में प्रदेश सचिव सचिव अधिवक्ता जियाउल्लाह, उपाध्यक्ष अधिवक्ता रजाउल्लाह अंसारी, चतरा जिला सचिव अधिवक्ता कमर इमाम व रांची जिलाध्यक्ष अधिवक्ता सैयद शीश आलम शामिल थे.
ये भी देखें: चतरा: बड़गांव मॉब लिंचिंग मामले में चार पुलिसकर्मी निलंबित, ड्यूटी में लापरवाही पर SP की बड़ी कार्रवाई
ये भी देखें: चतरा मॉब लिंचिंग मामले में अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष का बड़ा दावा, बोले- घटना के दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
धीरे-धीरे सामान्य हो रहा माहौल
बड़गांव का माहौल धीरे-धीरे सामान्य होता जा रहा है. लोग आवश्यक कार्य के लिए घरो से निकल रहे है. लोगो में भय का माहौल थोड़ा कम हुआ है. हालांकि क्षेत्र में निषेधाज्ञा जारी है. पुलिस पदाधिकारी व जवान तैनात थे. मालूम हो कि नाबालिक से दुष्कर्म के आरोप में इमरोज अंसारी की भीड़ द्वारा पीट-पीट कर मार डाला गया था. इसके बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न थी. धीरे-धीरे क्षेत्र में सामान्य होता जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मो. तसलीम
मो. तसलीम चतरा से 29 साल से प्रभात खबर के साथ जुड़े हैं. क्राइम रिपोर्टिंग, भ्रष्टाचार और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर विशेष रुचि है. निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता करना इनकी पहचान है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










