चतरा: बड़गांव मॉब लिंचिंग मामले में चार पुलिसकर्मी निलंबित, ड्यूटी में लापरवाही पर SP की बड़ी कार्रवाई
एसपी अनिमेष नैथानी | Prabhat Khabar Network
चतरा के बड़गांव मॉब लिंचिंग मामले में बड़ी कार्रवाई, ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में दो एसआई और दो पुलिस जवानों को एसपी ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
चतरा: टंडवा प्रखंड के बड़गांव में युवक की मौत के मामले में एसपी अनिमेष नैथानी ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए दो एसआई व दो जवान को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया. साथ ही विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. सस्पेंड होने वालो में पुलिस अवर निरीक्षक सुनील सिंह, महिला पुलिस अवर निरीक्षक दुलारी पुर्ति, जवान दशरथ महतो व प्रदीप कुमार शामिल है.
यह कार्रवाई टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार द्वारा सौंपे गये जांच प्रतिवेदन के आधार पर की गयी. प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर पुलिस पदाधिकारी व जवानो के विरूद्ध कार्रवाई की गयी. उक्त पुलिस पदाधिकारी व जवानो पर मृतक इमरोज व उसके पिता सुल्तान मियां को भीड़ से बचाने के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किया गया. निलंबन अवधि में चारो पुलिस लाइन चतरा में रहेंगे.
एसपी ने कहा कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोष पाये जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. बड़गांव में हुई घटना की जांच जारी है, दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है. मालूम हो कि चार अगस्त को दुष्कर्म के आरोप में मो इमरोज के घर को ग्रामीणों ने घेर लिया था.
घटना की सूचना के बाद पुलिस पदाधिकारी व जवानो को भेजा गया था. लेकिन भीड़ के आगे पुलिस बेबस दिखी. जिसके कारण भीड़ ने पहले माता-पिता को रस्सी से बांध कर पिटाई कर दी. इसके बाद इमरोज को पीट-पीट कर मार डाला. बता दें कि झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान गुरूवार को बड़गांव पहुंच कर मामले की जांच की थी.
साथ ही पुलिस की उपस्थिति में युवक की मॉब लिंचिंग की घटना को शर्मनाक बताते हुए एसपी को संबंधित पुलिस पदाधिकारी व जवानो पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया था. इसके बाद एसपी ने चारो को सस्पेंड कर दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मो. तसलीम
मो. तसलीम चतरा से 29 साल से प्रभात खबर के साथ जुड़े हैं. क्राइम रिपोर्टिंग, भ्रष्टाचार और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर विशेष रुचि है. निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता करना इनकी पहचान है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










