दुष्कर्म के आरोपी की हत्या के बाद टंडवा में तनाव, 56 नामजद; 12 गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

फोटो 1 में गांव में तैनात पुलिस बल 2 में थाना में गिरफ्तारिक की मांग को करते लोग | Prabhat Khabar Network

टंडवा के बड़ागांव में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात, इलाके में दहशत का माहौल है।

विज्ञापन

चतरा: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी की हत्या के बाद टंडवा में पूरा माहौल गर्म है. मामले में मृतक के पिता मो. सुल्तान के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है, जिसमें 56 लोगों को नामजद समेत दर्जनों अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है.

दिये गये आवेदन में मो. सुल्तान ने आरोप लगाया है कि गांव के ही विजय चौबे हिंदू समाज के करीब 150 लोगों को लेकर उनके घर पहुंचे. घर में लड़की को छिपाकर रखने का आरोप लगाते हुए लोगों ने उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान बीच-बचाव करने के लिए उनका पुत्र मो. इमरोज आया, जिसके साथ भीड़ ने मारपीट शुरू कर दी. सूचना पर पहुंची पुलिस इमरोज को घायल अवस्था में अपने साथ ले गयी. बाद में पुलिस द्वारा सूचना दी गयी कि इमरोज की मौत हो गयी है. मामले में मो. सुल्तान के बयान पर 56 नामजद समेत अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है.

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की कार्रवाई, अब तक 12 जेल भेजे गये

मामला दर्ज होते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले में अब तक नामजद आरोपियों समेत 12 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. गिरफ्तार लोगों में अनिल ठाकुर, मणि घटवार, पनवा देवी, कुलदीप महतो, सुनील महतो, रविंद्र कुमार, नितेश कुमार, संतोष यादव, अनिकेत ठाकुर, रिकेश कुमार, अमृत पटेल समेत अन्य के नाम शामिल हैं. एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने कहा कि दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा.

गांव में पुलिस का पहरा, पसरा सन्नाटा; भय का माहौल

घटना के बाद गांव में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती कर दी गयी है. किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसे लेकर आधा दर्जन थानों के दारोगा समेत सैकड़ों पुलिस बल को तैनात किया गया है. पूरे गांव में भय का माहौल व्याप्त है और मृतक के घर सन्नाटा पसरा हुआ है. गांव के अधिकतर पुरुष मुकदमे के डर से गांव छोड़ चुके हैं.

वहीं, पीड़िता के घर पर बच्चे डरे-सहमे अपने माता-पिता के लौटने का इंतजार कर रहे हैं. बच्चों ने बताया कि दुष्कर्म पीड़िता, उसकी बहन और उसके माता-पिता को पुलिस ले गयी थी. इसके कारण घर पर बच्चे और उनके बूढ़े दादा-दादी डर के साये में रह रहे हैं.

शौच के लिए निकली मेरी बड़ी बहन को उठा ले गया था मृतक

घटना को लेकर दुष्कर्म पीड़िता का परिवार भय के माहौल में जी रहा है. पीड़िता की छोटी बहन ने बताया कि उसकी बड़ी बहन शौच के लिए घर से निकली थी. इसी दौरान इमरोज उसकी बड़ी बहन को उठा ले गया. उन्होंने बताया कि वे लोग दो दिनों तक बहन को ढूंढते रहे, लेकिन घर के सामने होने के बावजूद आरोपियों ने उसकी सूचना नहीं दी. मंगलवार को जब वह किसी तरह वहां से वापस आयी, तो उसने घरवालों को घटना की जानकारी दी.

थाना परिसर में दिनभर डटे रहे लोग, गिरफ्तारी को लेकर बनाया दबाव

घटना के बाद बुधवार को टंडवा थाना परिसर में दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा. मुख्य आरोपी विजय चौबे की गिरफ्तारी को लेकर लोगों ने थाना परिसर के पास नारेबाजी भी की. लोगों का कहना था कि विजय चौबे की गिरफ्तारी के बाद ही शव उठाया जाएगा. बाद में समुदाय के प्रबुद्ध लोगों की पहल पर वार्ता के बाद लोग शव उठाने के लिए राजी हुए.

थाने के बाहर गिरफ्तारी की मांग को लेकर दर्जनों गांवों के लोग जुटे हुए थे. मुख्य रूप से कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मंजूर अंसारी, रांची नगर अध्यक्ष हुसैन खान समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे.

जिसे बनाया मुख्य आरोपी, वही वीडियो में बचाते दिख रहे

बड़गांव के पूर्व मुखिया विजय चौबे को मामले में मुख्य आरोपी बनाया गया है. हालांकि, एक वायरल वीडियो में वह मो. इमरोज को बचाते हुए दिख रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि मृतक युवक को बचाने के क्रम में विजय चौबे पर भीड़ टूट पड़ी, जिन्हें पुलिस ने मुश्किल से बचाया.

विजय चौबे के परिजनों का कहना है कि राजनीतिक साजिश के तहत विजय चौबे पर मुकदमा दर्ज किया गया है.

सुरक्षा को लेकर आधा दर्जन थानों के प्रभारी रहे मुस्तैद

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे जिले से पुलिस पदाधिकारी टंडवा में जमे रहे. इनमें एसडीपीओ टंडवा प्रभात रंजन बरवार, एसडीपीओ सदर सन्नी, एसडीपीओ सिमरिया नागर गोजे भाऊ साहब, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, सिमरिया थाना प्रभारी अमित गुप्ता, लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, पिपरवार थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा, वशिष्ठनगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह, राहुल दुबे समेत एसडीओ सिमरिया प्रदीप महतो, सीओ गौरव रॉय समेत अन्य अधिकारी शामिल थे.


विज्ञापन
Dinbandhu Thakur

लेखक के बारे में

By Dinbandhu Thakur

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola