अकीदत के साथ मनाया गया चेहल्लुम, युवाओं ने दिखाये हैरतअंगेज करतब
करतब दिखाते लोग | Prabhat Khabar Network
सिमरिया में चेहल्लुम का त्योहार अकीदत के साथ मनाया गया। जुलूस में या अली या हुसैन के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। युवाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाए।
चतरा: प्रखंड में बुधवार को चेहल्लुम का त्योहार अकीदत व पाकीजगी के साथ मनाया गया. यह पर्व मुहर्रम के चालीस दिन बाद मनाया जाता है. इस पर्व को लेकर मुस्लिम धर्मावलंबियों में उत्साह का माहौल देखा गया.
इस अवसर पर आकर्षक शीपर, फाटक और निशान के साथ जुलूस निकाला गया. जुलूस में ‘या अली, या हुसैन’ के नारों से प्रखंड क्षेत्र गूंजता रहा. प्रखंड मुख्यालय में अंसार क्लब फतहा, रोशन क्लब सबानों, स्पोर्टिंग क्लब बन्हे, आजाद क्लब बन्हे टांड़ और हुसैन क्लब लिपदा की ओर से जुलूस निकाला गया. जुलूस सिमरिया चौक होते हुए कर्बला मैदान पहुंचा, जहां युवकों ने तिरंगा फहराया.
तत्पश्चात सभी क्लबों के युवाओं ने लाठी-डंडे व अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन कर बेहतरीन करतब दिखाये. युवाओं ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब दिखाये. युवाओं की कला देखकर उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की. साथ ही बेहतर खेल का प्रदर्शन करने वाले क्लब को पुरस्कृत किया गया.
कार्यक्रम को देखने के लिए जिले भर से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवक, युवती व बच्चे पहुंचे थे. वहीं, मैदान में मेले का भी आयोजन किया गया था, जहां महिलाओं व बच्चों ने मिठाई और खिलौनों की जमकर खरीदारी की. कार्यक्रम के अंत में कर्बला मैदान में नेयाज और फातिया अदा करने के बाद जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. मौके पर कई लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










