चतरा में 16 लाख की अवैध शराब बरामद, भूसे के नीचे छिपाकर बिहार ले जा रहे थे तस्कर

Updated:
विज्ञापन

फोटो. जब्त शराब के साथ पुलिस पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network

चतरा पुलिस ने बिहार ले जाई जा रही 16 लाख रुपये मूल्य की 3700 बोतल अवैध विदेशी शराब जब्त की है। ट्रक पलटने से शराब का खुलासा हुआ, तस्कर फरार हैं।

विज्ञापन

चतरा: पुलिस ने करीब 16 लाख रुपये मूल्य की अवैध 3,700 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। शराब की यह खेप ट्रक में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थी।

एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने सोमवार को सदर थाना में प्रेसवार्ता कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसपी अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक से तस्करी के उद्देश्य से भारी मात्रा में शराब बिहार की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुअनि राहुल सिंह, सअनि रवि रंजन कुमार व प्रवीण कुमार शामिल थे।

टीम ने शेरेगड़ा के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ट्रक चालक ने पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया। पुलिस की वाहन जांच से बचने के प्रयास में ट्रक चालक तेज रफ्तार से भाग निकला, लेकिन कुछ ही दूरी पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में छिपाकर रखी गई शराब सड़क पर बिखर गई।

एसडीपीओ ने बताया कि ट्रक के माध्यम से भारी मात्रा में अवैध शराब चतरा होते हुए बिहार भेजी जा रही थी। वाहन जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा। पुलिस ने जब उसे रोकने का संकेत दिया तो चालक वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भाग निकला। इसके बाद पुलिस टीम ने ट्रक का पीछा शुरू किया। भागने के क्रम में संघरी घाटी मोड़ के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस जब दुर्घटनास्थल पर पहुंची तो ट्रक का डाला धान के भूसे से भरा हुआ पाया गया। जांच के दौरान पता चला कि भूसे के नीचे बड़ी संख्या में शराब की पेटियां छिपाई गई थीं। ट्रक पलटने के कारण भूसा हट गया और शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए बेहद शातिर तरीके से शराब को भूसे के अंदर छिपाकर रखा था।

एसडीपीओ ने बताया कि जांच के दौरान 3,700 बोतल शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 16 लाख रुपये आंकी गई है। ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर व अन्य साक्ष्यों के आधार पर तस्करों की पहचान की जा रही है। शराब की खेप किस राज्य से लाई गई थी और बिहार में किस गिरोह तक पहुंचाई जानी थी, इसकी जांच की जा रही है।


विज्ञापन
Dinbandhu Thakur

लेखक के बारे में

By Dinbandhu Thakur

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola