Chaibasa: नोवामुंडी के जोजो कैंप में ग्रामीणों ने बचाई हिरण के बच्चे की जान, पेश की इंसानियत की मिसाल

घायल हिरण के बच्चे के साथ ग्रामीण और वन विभाग की टीम
Chaibasa: चाईबासा के नोवामुंडी के जोजो कैंप में ग्रामीणों ने घायल हिरण के बच्चे की जान बचाकर इंसानियत की मिसाल पेश की. बाद में हिरण के बच्चे को सुरक्षित वन विभाग को सौंप दिया गया.
सुबोध मिश्रा
Chaibasa: नोवामुंडी प्रखंड के जोजो कैंप क्षेत्र में मानवता और वन्य जीव संरक्षण की अनोखी मिसाल देखने को मिली. जानकारी के अनुसार हिरण का एक बच्चा अपने झुंड से बिछड़कर पीने के पानी की तलाश में जंगल से भटकते हुए जोजो कैंप क्षेत्र तक पहुंच गया था. इसी दौरान 7-8 आवारा कुत्तों ने उस पर अचानक हमला कर दिया. कुत्तों के झुंड के बीच फंसा हिरण का बच्चा बुरी तरह घायल और सहमा हुआ था, जिससे उसकी जान पर गंभीर खतरा मंडराने लगा. इसी बीच सामाजिक कार्यकर्ता बापी करुवा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को इस बात की जानकारी दी.
वन विभाग को सौंपा गया हिरण का बच्चा
इसके बाद ग्रामीण एकजुट हुए और साहस और दया का परिचय देते हुए हिरण के बच्चे को कुत्तों के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला. ग्रामीणों की तत्परता से हिरण के बच्चे की जान बच गई. घटना के बाद गांव के मुंडा मनवीर देव सुरेन ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल हिरण के बच्चे को अपने साथ लेकर उचित इलाज के लिए ले गई. ग्रामीणों की इस संवेदनशील पहल की पूरे इलाके में जमकर सराहना हो रही है. लोगों ने वन्य जीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए जंगल क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर नियंत्रण की मांग की है.
ये भी पढ़ें…
हौसले के आगे हारा ‘सिस्टम’, गुमला में ग्रामीणों ने खुद बनाई 1 किलोमीटर लंबी सड़क
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










