Bokaro News : चार माह से कॉलोनी में जलजमाव, मुख्य सड़क पर जाने के लिए घूमना पड़ता है एक किलोमीटर
Published by : MANOJ KUMAR Updated At : 06 Oct 2025 12:25 AM
Bokaro News : प्रभात खबर आपके द्वार कार्यक्रम में चास के कृष्णापुरी के लोगों ने साझा की अपनी समस्याएं
Bokaro News : चास नगर निगम के वार्ड 32 स्थित कृष्णा पुरी कॉलोनी के लोग पिछले चार महीना से जल जमाव की समस्या को झेल रहे हैं. कॉलोनी के लोग सहित अगल बगल के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है. जलजमाव से एनएच 32 गुरुद्वारा रोड को जोड़ने वाला रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है. मुख्य सड़क पर जाने के लिए लोगों को लगभग एक किलोमीटर घूमना पड़ता है. रविवार को कृष्णापुरी कॉलोनी में आयोजित प्रभात खबर आपके द्वार कार्यक्रम में कॉलोनी के लोगों ने अपनी समस्याएं साझा की. कॉलोनी के निवासी सुबोध सिंह, गुप्तेश्वर प्रसाद गुप्ता, जय प्रकाश सिंह, मुन्ना ठाकुर, हरप्रीत सिंह, रोहित कुमार, संदीप कुमार सहित अन्य ने कहा कि जल जमाव के कारण दर्जनों परिवार के लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. स्कूल का वाहन घर तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे बच्चों को विद्यालय जाने में काफी दिक्कत हो रही है. बच्चा और साइकिल को कंधा में उठाकर रोज पार कराना पड़ता है. लोगों ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा रास्ता और नाली की जमीन का अतिक्रमण किया गया है, जिसके कारण भी जल जमाव हो रहा है.
घर में घुस जाता है बरसात का पानी : कार्यक्रम में लोगों ने कहा कि बारिश के दौरान घर में पानी घुस जाता है. मशीन और पाइप लगाकर घर से पानी निकालना पड़ रहा है. पिछले चार महीने से हमलोग परेशान हैं. जल जमाव के कारण शाम होते ही मच्छरों का प्रकोप ऐसा बढ़ता है कि लोगों का एक जगह खड़ा होना भी मुश्किल हो जाता है. लोग एक-दूसरे के घर तक नहीं जा पा रहे हैं. इस समस्या के समाधान के लिए कई बार निगम प्रशासन को लिखित आवेदन दिया गया है, लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं दिख रही है. लोगों ने कहा कि निगम जल्द से जल्द नाली का निर्माण करा कर जल निकासी की व्यवस्था करे, ताकि लोगों को आने-जाने में कोई परेशानी ना हो.कोट
कृष्णापुरी की जल जमाव की समस्या की जानकारी स्थानीय लोगों से प्राप्त हुई है. निगम के संबंधित पदाधिकारी को स्थल निरीक्षण कर जल जमाव का कारण पता करने का निर्देश दिया गया है. बहुत जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जायेगा, ताकि आने वाले समय में लोगों को कोई परेशानी ना हो. –संजीव कुमार,
अपर नगर आयुक्त, नगर निगम चासडिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










