अवैध शराब के खिलाफ बोकारो में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.5 लाख की वाइन के साथ दो गिरफ्तार

Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 12 Jun 2026 5:32 PM

विज्ञापन

जानकारी देते डीएसपी और इंस्पेक्टर के साथ गिरफ्तार अभियुक्त और जब्त शराब. फोटो: प्रभात खबर

Bokaro News: बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ लाख रुपये की अवैध शराब बरामद की है. छापेमारी के दौरान 264 बोतल शराब और 101 बियर की बोतलें जब्त की गईं. होटल मैनेजर और दुकान संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

बोकारो से रंजीत कुमार की रिपोर्ट

Bokaro News: झारखंड के बोकारो जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1.5 लाख रुपये मूल्य की शराब जब्त की है. बालीडीह थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात चलाये गये विशेष अभियान के दौरान एक लाइन होटल और किराना दुकान से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई. इस मामले में होटल मैनेजर और दुकान संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

गुप्त सूचना के बाद बनाई गई छापेमारी टीम

पुलिस को सूचना मिली थी कि बालीडीह थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक के समीप स्थित एक लाइन होटल और किराना दुकान में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने तत्काल एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया. टीम की कमान बालीडीह थाना प्रभारी एवं इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह को सौंपी गई. इसके बाद गुरुवार की मध्य रात्रि में पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की.

लाइन होटल और जनरल स्टोर से बरामद हुई शराब

छापेमारी के दौरान रेलवे फाटक के समीप स्थित अमर लाइन होटल और सुमित्रा जनरल स्टोर की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान दोनों स्थानों से विभिन्न ब्रांड की बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई. पुलिस ने मौके से होटल मैनेजर अविनाश सिंह और स्टोर संचालक सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक पूछताछ के बाद दोनों आरोपितों की निशानदेही पर अन्य स्थानों से भी शराब बरामद की गई.

264 बोतल शराब और 101 बियर की बोतलें जब्त

मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार और इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद विभिन्न ब्रांड की 264 बोतल शराब और 101 बियर की बोतल एवं केन बियर बरामद की गई. जब्त की गई शराब की कुल कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस के अनुसार इतनी मात्रा में शराब मिलने से स्पष्ट है कि इलाके में अवैध कारोबार संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था. आखिर शराब की बोतलें भी हवा में उड़कर दुकानों तक नहीं पहुंचतीं, उनके पीछे पूरी व्यवस्था काम करती है.

नहीं दिखा सके वैध दस्तावेज

पुलिस ने बरामद शराब से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत करने के लिए दोनों आरोपितों से कहा, लेकिन वे किसी प्रकार का लाइसेंस या दस्तावेज नहीं दिखा सके. इसके बाद दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. गिरफ्तार आरोपितों में अमर फैमिली ढाबा, रेल फाटक निवासी अविनाश सिंह और रेल फाटक के समीप हनुमान मंदिर के पास झोपड़ी में रहने वाले सूरज सिंह शामिल हैं.

कई पुलिसकर्मी रहे अभियान में शामिल

इस विशेष अभियान में बालीडीह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव, अजय कुमार राय, सहायक अवर निरीक्षक बलदेव यादव, हवलदार शोभापति नंद मिंज और आरक्षी मरियानुस जोजो समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

इसे भी पढ़ें: प्रभात खबर की खबर का असर, पतरातू में अवैध बालू परिवहन पर तीन ट्रैक्टरों के खिलाफ प्राथमिकी

अवैध कारोबार पर पुलिस की नजर

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा. साथ ही इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. बोकारो पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है. प्रशासन का दावा है कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाये जाते रहेंगे.

इसे भी पढ़ें: छुट्टियां मनाने गांव आया मासूम तालाब में डूबा, एक सप्ताह बाद लौटना था दिल्ली

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola