चास में श्रीराणी सती दादी भादो महोत्सव, भजन संध्या में देर रात तक झूमे श्रद्धालु
भक्ति गीतों पर नृत्य करते भक्त
चास में आयोजित रानी सती दादी भादो महोत्सव में भजन संध्या और मेधावी छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन हुआ. श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों के साथ दादी को नमन किया.
चास. श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, चास में मारवाड़ी पंचायत के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय श्रीराणी सती दादी जी भादो महोत्सव के द्वितीय दिवस गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल रहा. मंदिर परिसर में आयोजित भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.

दादी जी का मनोहारी फूलों से भव्य श्रृंगार किया गया. इसके बाद विधिवत ज्योत प्रज्ज्वलित कर मंगल आरती की गयी. भजन संध्या में कोलकाता से आये भजन गायक जितेंद्र जैन और रूपाली सरकार ने भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं. भजनों के दौरान पूरा मंदिर परिसर दादी जी के जयकारों से गूंजता रहा. श्रद्धालु देर रात तक भक्ति संगीत में झूमते रहे और दादी जी के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की.
मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
महोत्सव के दौरान प्रतिभा सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया. प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया. मारवाड़ी पंचायत की ओर से विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गयीं.
ये भी पढ़ें: चास-बोकारो में आवारा कुत्तों का बढ़ा आतंक, दुर्घटना के साथ हमले का भी डर
वक्ताओं ने कहा कि रानी सती दादी का जीवन त्याग, नारी शक्ति, सेवा और संस्कारों का संदेश देता है. नई पीढ़ी को इन मूल्यों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए.

विभिन्न संस्थाओं का रहा सहयोग
महोत्सव के आयोजन में मारवाड़ी पंचायत चास-बोकारो, मारवाड़ी महिला समिति, मारवाड़ी युवा मंच, उड़ान शाखा, श्याम दीवाने, दादी जी को आसरो, श्री श्याम सेवा संस्थान सहित समाज की विभिन्न संस्थाओं का सहयोग रहा.
शुक्रवार को होगा पूर्णाहुति का आयोजन
महोत्सव के अंतिम दिन शुक्रवार को प्रातः मंगला आरती, मावस की धोक, खीर-पूड़ा, सवामणि और छप्पन भोग का आयोजन किया जायेगा. दोपहर में पूर्णाहुति के साथ तीन दिवसीय धार्मिक महोत्सव का समापन होगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए