बोकारो में बनेगा नया डाक डिवीजन, प्रशासनिक कामकाज और डाक सेवाओं में आएगी तेजी
सेक्टर-02 स्थित बोकारो प्रधान डाकघर
बोकारो को धनबाद से अलग कर नया डाक डिवीजन बनाने की तैयारी है. नवंबर तक आधिकारिक सूचना आने की संभावना है, जिससे डाक सेवाओं में तेजी आएगी.
बोकारो. डाक सेवा के क्षेत्र में बोकारो को जल्द बड़ी सौगात मिल सकती है. वर्तमान में धनबाद डिवीजन के अंतर्गत आने वाले बोकारो को अलग कर नया डाक डिवीजन बनाने की तैयारी चल रही है. नवंबर तक बोकारो को अलग डाक डिवीजन बनाने से संबंधित आधिकारिक सूचना आने की संभावना जतायी जा रही है. हालांकि, अंतिम निर्णय विभागीय आदेश जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा.

अलग डाक डिवीजन बनने से जिले में डाक सेवाओं की निगरानी और प्रशासनिक कामकाज स्थानीय स्तर पर मजबूत होने की उम्मीद है. कर्मचारियों से जुड़े मामलों, विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन और डाकघरों की कार्यप्रणाली की निगरानी में भी तेजी आ सकती है.
प्रधान डाकघर में खुले दो नये कार्यालय
बोकारो में हाल के दिनों में डाक विभाग की गतिविधियां बढ़ी हैं. सेक्टर-2 स्थित बोकारो प्रधान डाकघर परिसर में सहायक डाक अधीक्षक वेस्ट सब-डिवीजन बोकारो और डाक निरीक्षक साउथ सब-डिवीजन बोकारो के कार्यालय खोले गये हैं.
ये भी पढ़ें: नावाडीह के कुमार मोतिक को खोरठा में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल, 24 सितंबर को मिलेगा सम्मान
दोनों कार्यालयों के खुलने से जिले में डाक विभाग के प्रशासनिक और निरीक्षण कार्य को स्थानीय स्तर पर मजबूती मिली है. इसे बोकारो में डाक विभाग के प्रशासनिक ढांचे के विस्तार के रूप में भी देखा जा रहा है.

डाक सेवाओं का बड़ा नेटवर्क
वर्तमान में बोकारो जिला धनबाद डिवीजन के अंतर्गत आता है. जिले में प्रधान डाकघर के अलावा कई उप डाकघर और शाखा डाकघर संचालित हैं. औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां डाक विभाग के कारोबार और सेवाओं का दायरा भी बड़ा है.
स्पीड पोस्ट, पार्सल, बचत योजनाएं, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक समेत विभिन्न सेवाओं का बड़ी संख्या में लोग इस्तेमाल करते हैं.
प्रधान डाकघर में संचालित है नोडल डिलीवरी सेंटर
सेक्टर-2 स्थित प्रधान डाकघर की भूमिका सिर्फ ग्राहकों को डाक सेवाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है. यहां नोडल डिलीवरी सेंटर भी संचालित होता है. विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली चिट्ठी-पत्री और अन्य डाक को क्षेत्रवार व्यवस्थित किया जाता है. इसके बाद डाक कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र की डाक लेकर वितरण के लिए निकलते हैं.
बढ़ते काम के बीच अलग डिवीजन की जरूरत
बोकारो में डाक विभाग की जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं. शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण इलाकों में भी डाक सेवाओं का विस्तार हुआ है. ऐसे में अलग डाक डिवीजन बनने से प्रशासनिक कामकाज को स्थानीय स्तर पर गति मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: चास-बोकारो में आवारा कुत्तों का बढ़ा आतंक, दुर्घटना के साथ हमले का भी डर
अलग डिवीजन बनने के बाद कर्मचारियों से जुड़े मामले, भवन और संसाधनों से संबंधित कार्य, ग्राहक सुविधाएं, तकनीकी व्यवस्था, नेटवर्क, डाक सेवाओं की निगरानी और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे काम अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किये जा सकेंगे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए