प्रभात खबर की खबर का असर, पतरातू में अवैध बालू परिवहन पर तीन ट्रैक्टरों के खिलाफ प्राथमिकी
Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 12 Jun 2026 3:24 PM
पतरातू थाने में खड़ा ट्रैक्टर. फोटो: प्रभात खबर
Ramgarh News: पतरातू में अवैध बालू परिवहन पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टरों के चालक और मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. प्रभात खबर डिजिटल में खबर प्रकाशित होने के बाद खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई हुई. मामले की जांच जारी है और अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
पतरातू से अजय तिवारी की रिपोर्ट
Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. प्रभात खबर डिजिटल में अवैध बालू के कारोबार और परिवहन को लेकर प्रकाशित खबर के बाद खनन विभाग और पुलिस हरकत में आ गए. संयुक्त कार्रवाई के दौरान तीन ट्रैक्टरों को पकड़ते हुए उनके चालक और मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. इससे एक बार फिर यह साबित हुआ कि पत्रकारिता का काम केवल खबर छापना नहीं, बल्कि व्यवस्था को जगाना भी है. हालांकि व्यवस्था का यह अलार्म कई बार खबर छपने के बाद ही बजता है, जो अपने आप में अलग कहानी कहता है.
खान निरीक्षक के आवेदन पर दर्ज हुआ मामला
मामले में खान निरीक्षक रामगढ़ राहुल कुमार के आवेदन पर पतरातू थाना में कांड संख्या 143/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने ट्रैक्टर चालकों और मालिकों के खिलाफ खनिज नियमों के उल्लंघन तथा अवैध परिवहन के आरोप में कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रशासन के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि संबंधित वाहन बिना निर्धारित मानकों का पालन किए बालू का परिवहन कर रहे थे. इसके कारण इनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है.
अलग-अलग स्थानों से पकड़े गए तीन ट्रैक्टर
जानकारी के मुताबिक पतरातू-खलारी मुख्य मार्ग स्थित सरना होटल के समीप से दो ट्रैक्टरों को पकड़ा गया. वहीं एक अन्य ट्रैक्टर को सकूल पंचायत भवन के पास से जब्त किया गया. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इन वाहनों द्वारा राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों और खनिज परिवहन से जुड़े नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था. इसके बाद खनन विभाग ने पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई.
प्रभात खबर डिजिटल में प्रमुखता से उठाया गया था मामला
गौरतलब है कि प्रभात खबर डिजिटल में हाल ही में पतरातू क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध बालू कारोबार और परिवहन को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था. खबर में बताया गया था कि किस प्रकार नियमों को ताक पर रखकर बालू का परिवहन किया जा रहा है और प्रशासन की कार्रवाई नदारद दिखाई दे रही है. खबर सामने आने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू परिवहन का कारोबार चल रहा है, जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है.
इसे भी पढ़ें: सारठ के जंगल से चल रहा था साइबर ठगी का गोरखधंधा, पुलिस ने चार अपराधियों को दबोचा
अन्य लोगों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस और खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी जारी है. अवैध खनन और परिवहन में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का दावा है कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अब देखना यह होगा कि यह अभियान केवल कुछ ट्रैक्टरों तक सीमित रहता है या फिर अवैध कारोबार की पूरी श्रृंखला तक पहुंच पाता है. आखिर बालू का खेल केवल सड़कों पर दौड़ते ट्रैक्टरों से नहीं, बल्कि उनके पीछे खड़ी पूरी व्यवस्था से चलता है.
इसे भी पढ़ें: पलामू के नौडीहा में 21 करोड़ रुपये से बनेगा बाइपास, बिहार तक का सफर होगा आसान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










