परीक्षा रद्द करने की घोषणा को आप ने बताया दिखावा, सीबीआइ जांच की मांग
संबोधित करते धर्मेंद्र कुमार वह बैठक में शामिल अन्य | Prabhat Khabar Network
आम आदमी पार्टी (आप) ने झारखंड में परीक्षाओं को रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले को छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया है. पार्टी ने परीक्षा में हुई धांधली की निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच की मांग की है.
आम आदमी पार्टी बोकारो जिला कार्यकारिणी के प्रमुख सदस्यों की बैठक गुरुवार को सेक्टर छह स्थित पार्टी कार्यालय में हुई. अध्यक्षता जिला संयोजक धर्मेंद्र कुमार ने की. बैठक में झारखंड में परीक्षाओं में कथित अनियमितता और परीक्षा रद्द करने के फैसले को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा गया.
जिला संयोजक धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा कर केवल दिखावा किया है. इससे छात्रों की परेशानी कम होने के बजाय बढ़ी है. उन्होंने कहा कि परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी पहले से मानसिक दबाव में हैं और इस तरह के फैसलों से उनके सामने भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो रही है.
धांधली के समय कार्रवाई क्यों नहीं हुई
धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि जब परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर अभ्यर्थी आवाज उठा रहे थे, उस समय सरकार ने समय रहते कड़ा कदम क्यों नहीं उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि अब मामले की जांच के नाम पर छोटे स्तर के आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है, जबकि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और व्यापक जांच की जरूरत है.
सीबीआइ जांच कराने की मांग
आप नेताओं ने कहा कि परीक्षा में अनियमितता जैसे गंभीर मामले की जांच सीबीआइ से करायी जानी चाहिए. जिला संयोजक ने आरोप लगाया कि सरकार सीबीआइ जांच के बजाय सीआइडी जांच की बात कर रही है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होने पर ही छात्रों और अभ्यर्थियों का भरोसा बहाल हो सकेगा.
उन्होंने विपक्ष में बैठी राष्ट्रीय पार्टियों से भी छात्रों के मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय उनके हित में आवाज उठाने की अपील की. कहा कि परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मामले में राजनीतिक लाभ लेने के बजाय निष्पक्ष जांच की मांग को प्राथमिकता दी जानी चाहिए.
बैठक में कुमार राकेश, मिथिलेश गिरी, अरविंद विकास, रितेश कुमार, विधान चंद्र राय समेत पार्टी के अन्य सदस्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




