दुर्गा पहाड़ी के समीप मिला लापता बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव, सनसनी
भीखू महतो का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
दुर्गा पहाड़ी के समीप एक बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव मिला है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. लापता भीखू महतो की पहचान होने पर परिजनों में गहरा शोक है. जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई जा रही है.
कसमार प्रखंड की दुर्गापुर पंचायत अंतर्गत दुर्गा पहाड़ी के समीप गुरुवार को एक बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान ललमटिया निवासी भीखू महतो (60), पिता नकसाईं महतो के रूप में हुई है. बताया गया कि भीखू महतो 11 अगस्त से लापता थे. परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था.
ग्रामीणों ने देखा शव
गुरुवार सुबह दुर्गा पहाड़ी के किनारे कारुजारा के समीप ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी. इसके बाद इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी गयी. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये. बाद में शव की पहचान भीखू महतो के रूप में की गयी. शव की स्थिति काफी क्षत-विक्षत बतायी जा रही है.
जंगली जानवर के हमले की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्गा पहाड़ी और आसपास के जंगल क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही रहती है. आशंका जतायी जा रही है कि भीखू महतो किसी जंगली जानवर के हमले का शिकार हुए होंगे. हालांकि उनकी मौत कैसे हुई, इसका वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. घटना की सूचना कसमार पुलिस को दे दी गयी है.
पांच बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
बताया गया कि भीखू महतो के परिवार में कोई पुत्र नहीं है. उनकी पांच पुत्रियां हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है. दुर्गापुर के मुखिया अमरेश कुमार महतो, उपमुखिया पंचानन महतो, सामाजिक कार्यकर्ता संदीप कुमार महतो, कपिलेश्वर महतो समेत अन्य लोगों ने घटना पर दुख जताते हुए मृतक के आश्रितों को सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक सवाल
मैं दीपक सवाल, 1994 से प्रभात खबर से जुड़ा हूं। वर्ष 2011 से 2015 तक बोकारो कार्यालय में स्टॉफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत रह चुका हूं। 2015 से कसमार डेटलाइन से कार्यरत हूं। मेरा संपर्क नंबर : 9431145607
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




