VIDEO: राजभवन मार्च में आज क्या-क्या हुआ? तेजस्वी की हिरासत से वाटर कैनन तक पूरी कहानी एक वीडियो में

Updated:
विज्ञापन
आज की तस्वीर

RJD ने छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर राजभवन मार्च निकाला, जो पटना की सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन में बदल गया. पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया.

विज्ञापन

Patna News : बिहार में छात्रों, युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर आरजेडी का राजभवन मार्च बुधवार को पटना की सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन में बदल गया. जेपी गोलंबर से शुरू हुआ मार्च इनकम टैक्स चौराहे पर पहुंचते ही पुलिस की बैरिकेडिंग से टकरा गया. आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन चलाया गया. इस दौरान तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया. हालांकि, बाद में आरजेडी के वरिष्ठ नेताओं का प्रतिनिधिमंडल लोक भवन पहुंचा और राज्यपाल के सचिव को ज्ञापन सौंपा.

जेपी गोलंबर से शुरू हुआ मार्च, बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता

आरजेडी की ओर से छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर राजभवन मार्च का आह्वान किया गया था. बुधवार को जेपी गोलंबर पर पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में जुटे. यहां से मार्च लोक भवन की ओर बढ़ा. प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोजगार, बेरोजगारी और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए.

डाक बंगला पर बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश

मार्च जैसे ही डाक बंगला चौराहे की ओर बढ़ा, पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास किया. कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए. इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई.

इनकम टैक्स चौराहे पर वाटर कैनन, बैरिकेडिंग पर चढ़े नेता

प्रदर्शनकारी इनकम टैक्स चौराहे तक पहुंचे तो पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया. यहां तेजस्वी यादव समेत कई आरजेडी नेता बैरिकेडिंग के पास पहुंचे. समर्थकों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. वाटर कैनन की बौछार के बीच तेजस्वी यादव सड़क पर बैठे नजर आए और उन्होंने प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया.

तेजस्वी यादव समेत कई नेता हिरासत में

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने तेजस्वी यादव, संजय यादव समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया. उन्हें सचिवालय थाना ले जाया गया. थाने में भी आरजेडी नेताओं और समर्थकों की मौजूदगी रही. इस दौरान तेजस्वी यादव ने छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरा.

AK-47 लेकर प्रदर्शन की तस्वीर भी हुई वायरल

मार्च के दौरान एक अलग तस्वीर भी सामने आई. कुछ समर्थक AK-47 का प्रतीकात्मक प्रदर्शन करते नजर आए. आरजेडी समर्थकों की ओर से इसे सिवान में छात्रों पर पुलिस की कथित फायरिंग के विरोध के तौर पर पेश किया गया. एक बच्चे के प्रदर्शन में शामिल होने की तस्वीर भी सामने आई, जिसमें वह खुद को छात्र बताते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाता नजर आया.

वरिष्ठ नेताओं ने लोक भवन में सौंपा ज्ञापन

तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद आरजेडी के वरिष्ठ नेताओं का प्रतिनिधिमंडल लोक भवन पहुंचा. अब्दुल बारी सिद्दीकी, सुधाकर सिंह, मनोज झा, आलोक मेहता और उदय नारायण चौधरी समेत कई नेता प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे. राज्यपाल की अनुपस्थिति में उनके सचिव को ज्ञापन सौंपा गया.

'छात्रों के साथ न्याय होने तक लड़ाई जारी रहेगी'

सचिवालय थाना में तेजस्वी यादव ने कहा कि जब तक छात्रों के साथ न्याय नहीं होता, बेरोजगारी खत्म नहीं होती और निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं नहीं होतीं, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि पेपर लीक के मामलों में जल्द से जल्द कार्रवाई होनी चाहिए.

मार्च में दिखा सियासी शक्ति प्रदर्शन

आरजेडी का यह मार्च छात्रों, रोजगार और परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. प्रदर्शन के दौरान पुलिस की बैरिकेडिंग, वाटर कैनन और नेताओं की हिरासत की तस्वीरें पूरे दिन चर्चा में रहीं. अब देखना होगा कि आरजेडी के ज्ञापन और प्रदर्शन के बाद सरकार की ओर से इन मुद्दों पर क्या कदम उठाया जाता है.


विज्ञापन
विवेक सिंह

लेखक के बारे में

By विवेक सिंह

विवेक सिंह की डिजिटल मीडिया और जनसरोकारों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रही है. वे बिहार के मिथिला क्षेत्र के निवासी हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में 2 वर्षों से सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं.

उन्होंने मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की पढ़ाई की है. शिक्षा के दौरान उन्होंने रिपोर्टिंग, समाचार लेखन, डिजिटल मीडिया, जनसंचार, फोटो जर्नलिज्म, मोबाइल जर्नलिज्म (MOJO) और मीडिया रिसर्च की गहन समझ विकसित की है. अध्ययन के दौरान उन्होंने इंटर्नशिप भी की, जहां उन्हें न्यूजरूम की कार्यप्रणाली, टीवी समाचार निर्माण, स्क्रिप्ट लेखन, विजुअल चयन, फील्ड रिपोर्टिग और प्रसारण प्रक्रिया को नजदीक से समझने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ.

पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्होंने मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से ग्राउंड रिपोर्टिंग, जनमत संग्रह (Public Opinion), सामाजिक मुद्दों की कवरेज और स्थानीय समाचारों के संकलन का व्यापक अनुभव प्राप्त किया. उन्होंने विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े विषयों पर जमीनी स्तर से रिपोर्टिंग करते हुए आम लोगों की आवाज को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य किया है.

इसके साथ ही वे NGO से जुड़कर सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं. स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, युवा सशक्तिकरण, धार्मिक और जनकल्याण से जुड़े अभियानों में उनकी विशेष भागीदारी रही है. समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जागरूकता फैलाने और सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों में वे निरंतर योगदान देते रहे हैं.

वर्तमान में विवेक सिंह राजनीति, प्रशासन, शिक्षा, रोजगार, खेल, अपराध, रियल-टाइम समाचारों, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों पर लेखन करते हैं. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization), कंटेंट प्लानिंग और ट्रेंड-आधारित समाचार लेखन की अच्छी समझ है. ब्रेकिंग न्यूज की पहचान, त्वरित कवरेज और कम समय में तथ्यपरक समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यक्षमताओं में शामिल है.

विवेक सिंह किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की जांच और सत्यापन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं. वे विश्वसनीय स्रोतों से जानकारी की पुष्टि करने के बाद ही समाचार प्रकाशित करते हैं, जिससे उनकी रिपोर्टिंग और लेखन में सटीकता तथा विश्वसनीयता बनी रहती है. तथ्यपरक, निष्पक्ष और भरोसेमंद पत्रकारिता में विश्वास रखने वाले विवेक सिंह पाठकों तक गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन