सुपौल में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का दिखा जोश, स्कूलों में सजी रंगोली, जीविका दीदियों ने भी दिखाया उत्साह
रंगोली बनाते स्कूली छात्र-छात्राएं. | Prabhat Khabar Network
Har Ghar Tiranga Supaul 2026 : सुपौल जिले में 'हर घर तिरंगा अभियान' के रंग देशभक्ति के साथ हर ओर बिखरे नजर आ रहे हैं. स्कूली बच्चों और जीविका दीदियों ने तिरंगा थीम पर आधारित आकर्षक रंगोलियां बनाकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशप्रेम का संदेश दिया है.
Har Ghar Tiranga Supaul 2026 : स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर सुपौल जिले में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत देशभक्ति का उत्साह देखने को मिल रहा है. जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं तथा अलग-अलग प्रखंडों में जीविका दीदियों द्वारा तिरंगा थीम पर आधारित रंगोली कार्यक्रम आयोजित किए गए. रंग-बिरंगे रंगों से सजी आकर्षक रंगोलियों के जरिए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशप्रेम और राष्ट्रीय स्वाभिमान का संदेश दिया गया.
बच्चों ने रंगों से सजाया तिरंगे का गौरव
रंगोली कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया. बच्चों ने तिरंगे के तीन रंगों को आधार बनाकर आकर्षक डिजाइन तैयार किए. कई रंगोलियों में राष्ट्रीय ध्वज के साथ ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश भी उकेरा गया.
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया. बच्चों में रंगोली बनाने को लेकर खासा उत्साह रहा. शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा स्वतंत्रता दिवस के महत्व की जानकारी दी.
इन स्कूलों में हुआ रंगोली कार्यक्रम
जिले के उत्क्रमित मध्य विद्यालय धोरे कटैया बलहा, डॉ. भीमराव अंबेडकर स्कूल पिपरा एवं सुपौल, मध्य विद्यालय रसुआर, मध्य विद्यालय हरारी, प्राथमिक विद्यालय इटहरी, पीएम श्री जनता बच्चा महतो उच्च माध्यमिक विद्यालय करजाइन, मध्य विद्यालय दुआनिया, सुमृत कन्या मध्य विद्यालय प्रतापगढ़, मदरसा हाशमिनिया परसही नवाब बाकर, कोसी कॉलोनी किशनपुर, मध्य विद्यालय बेलही मरौना, प्राथमिक विद्यालय पुरनदीही, मध्य विद्यालय गढ़िया, प्राथमिक विद्यालय नहरी महुआ टोला, उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रार्कोच, सरस्वती विद्या निकेतन त्रिवेणीगंज, मध्य विद्यालय कुलहरिया, हाई स्कूल जदिया, एसएस हरावतराज हाई स्कूल गणपतगंज, उच्च माध्यमिक विद्यालय केशकट्टा पिपरा, उच्च माध्यमिक विद्यालय मचाहा त्रिवेणीगंज और उच्च माध्यमिक विद्यालय पीलवाहा त्रिवेणीगंज सहित जिले के कई विद्यालयों में तिरंगा थीम पर रंगोली कार्यक्रम आयोजित किया गया.
इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना से जोड़ने का प्रयास किया गया.
जीविका दीदियों ने भी बढ़ाया देशभक्ति का उत्साह
विद्यालयों के अलावा जिले के विभिन्न प्रखंडों में जीविका दीदियों ने भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा थीम पर रंगोली बनायी. महिलाओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और रंग-बिरंगे रंगों से आकर्षक रंगोलियां तैयार कीं.
जीविका दीदियों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह देखने को मिला. रंगोली के माध्यम से महिलाओं ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति का संदेश ग्रामीण समुदाय तक पहुंचाने का प्रयास किया.
जनभागीदारी से मनाया जा रहा स्वतंत्रता दिवस
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और जीविका दीदियों में देशभक्ति के साथ कला के प्रति भी खासा उत्साह देखने को मिला. आयोजकों के अनुसार ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य नई पीढ़ी को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के प्रति जागरूक करना है.
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखकर जनभागीदारी के साथ उत्सव के रूप में मनाने का संदेश दिया जा रहा है. विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित रंगोली कार्यक्रम इसी जनभागीदारी की तस्वीर पेश कर रहे हैं. स्वतंत्रता दिवस से पहले तिरंगे के रंगों से सजे स्कूल और ग्रामीण क्षेत्र देशभक्ति के उत्साह से सराबोर नजर आ रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










