ट्रक पर था 2000 लीटर विदेशी शराब, भनक लगने पर लूटने लगे ग्रामीण, पुलिस पहुंचते ही मचा हड़कंप

Edited by Sarfaraz Ahmad
Updated:
विज्ञापन

शराब लूटते ग्रामीण

Sitamarhi Liquor Seizure बोखड़ा थाना पुलिस ने एक ट्रक से 2000 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की है. पुलिस के पहुंचने से पहले कथित तस्कर फरार हो गए. मामले में ट्रक मालिक और तस्करों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

सीतामढ़ी के बोखड़ा से केशव आनंद की रिपोर्ट

Sitamarhi Liquor Seizure: बोखड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की भारी खेप जब्त की है. गुरुवार शाम गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने बुधनगरा-जजुआर सड़क मार्ग स्थित बुधनगरा पुरानी बाजार पुल के पास खड़े एक ट्रक से 2000 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की. पुलिस के पहुंचने से पहले कथित तस्कर मौके से फरार हो गए.

पुलिस के अनुसार, जब्त शराब की मात्रा का अंतिम आकलन किया जा रहा है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान 2000 लीटर से अधिक का है.

वीडियो में शराब के कार्टन ले जाते दिखे लोग

घटनास्थल से सामने आए एक वीडियो में कुछ लोग ट्रक से शराब के कार्टन निकालकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में कई लोग ट्रक के आसपास जुटे नजर आते हैं और शराब के कार्टन अपने साथ ले जाते दिख रहे हैं. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. पुलिस मामले की जांच के दौरान वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी पड़ताल कर सकती है.

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

थानाध्यक्ष ललन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की. पुलिस को सूचना मिली थी कि बुधनगरा पुरानी बाजार पुल के पास एक ट्रक में भारी मात्रा में विदेशी शराब रखी गई है और उसे स्थानीय स्तर पर खपाने की तैयारी चल रही है.

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां ट्रक में कार्टन में पैक बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई.

यह भी पढ़ें: मेडिकल दुकान पर छापेमारी के दौरान हंगामा, सरकारी कार्य में बाधा के आरोप में तीन गिरफ्तार, दर्जनों पर प्राथमिकी

पुलिस पहुंचने से पहले ग्रामीणों की भीड़ जुटी

स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक में शराब होने की जानकारी फैलने के बाद कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. इसी दौरान ट्रक से शराब के कार्टन निकालने की कोशिश की गई.

हालांकि पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोग मौके से भाग निकले. घटनास्थल से कुछ कार्टन और बोतलें बिखरी हुई भी मिलीं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया.

तस्करों और ट्रक मालिक की तलाश

थानाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि जब्त शराब की गिनती और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं. प्रारंभिक जांच में आशंका है कि शराब की खेप तस्करी के उद्देश्य से लाई गई थी.

पुलिस ट्रक मालिक, चालक और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है. पहचान होने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम और अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.

शराबबंदी कानून के बीच बड़ी बरामदगी

बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के बीच यह बरामदगी जिले की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है. पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: एक ही रात में चार घरों में चोरी, लाखों के जेवर-नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन